Spread the love

30 साल का इंतजार खत्म: ओड़िया पंचायत को मिला नया सचिवालय भवन, 23 सोलर जलमीनारों से हर घर तक पहुंचा शुद्ध पेयजल

Advertisements
Advertisements

रिर्पोटर – जगबंधु महतो

कुकड़ू में विकास योजनाओं का जमीनी जायजा: जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने सपादा गांव की समस्याओं के समाधान का दिया भरोसा

ईचागढ़/कुकड़ू: सरायकेला-खरसावां जिला परिषद की उपाध्यक्ष श्रीमती मधुश्री महतो ने मंगलवार को कुकड़ू प्रखंड के ओड़िया पंचायत और तिरुलडीह पंचायत अंतर्गत सपादा गांव का दौरा कर विभिन्न विकास योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन एवं पूर्ण हो चुकी योजनाओं की प्रगति का जायजा लेते हुए ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं।

ओड़िया पंचायत में वर्षों से पंचायत भवन की मांग पूरी होने पर ग्रामीणों में उत्साह देखा गया। करीब तीन दशक से पंचायत सचिवालय भवन के अभाव में पंचायत प्रशासन को सरकारी अभिलेखों के रख-रखाव और आम जनता को सेवाएं उपलब्ध कराने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। जिला परिषद से स्वीकृत नए पंचायत सचिवालय भवन का निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद अब पंचायत की प्रशासनिक गतिविधियों के संचालन में काफी सुविधा मिलेगी।

भ्रमण के दौरान उपाध्यक्ष ने पेयजल व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि “धरती आबा जनजातीय ग्राम ऊर्जा योजना” के तहत पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, सरायकेला के सहयोग से ओड़िया गांव में 23 डीप बोरिंग आधारित सोलर जलमीनार स्थापित की गई हैं। इन जलमीनारों के माध्यम से ग्रामीणों को घर-घर स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या का समाधान हुआ है।

इसके बाद श्रीमती महतो तिरुलडीह पंचायत के सपादा गांव पहुंचीं, जहां ग्रामीणों ने सड़क, आवागमन और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को उनके समक्ष रखा। उपाध्यक्ष ने संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के लिए पत्राचार करने का आश्वासन दिया। उन्होंने यह भी बताया कि जिला परिषद की स्वीकृति से गांव में नए उपस्वास्थ्य केंद्र भवन के निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और नींव की खुदाई का कार्य जारी है।

इस अवसर पर श्रीमती मधुश्री महतो ने कहा कि पिछले चार वर्षों में कुकड़ू प्रखंड के समग्र विकास को प्राथमिकता देते हुए नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, उपस्वास्थ्य केंद्र, पंचायत भवन, गोदाम, आधुनिक बस स्टैंड, सिंचाई के लिए डीप बोरिंग, पीसीसी सड़क, नाली निर्माण तथा तालाबों के जीर्णोद्धार जैसी कई योजनाओं को धरातल पर उतारा गया है। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

निरीक्षण के दौरान मुखिया प्रतिनिधि पहाड़ सिंह मुंडा, ग्राम प्रधान, गंगाधर महतो, रोहिन महतो, पापुण महतो, आशीष महतो सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और पंचायत प्रतिनिधि मौजूद रहे।

You missed