
कड़बिंधा बाजार स्थित इलेक्ट्रॉनिक दुकान से 70 हजार नगद व मोबाइल की चोरी, पुलिस जांच में जुटी

दुमका ब्यूरो : मौसम गुप्ता
दुमका । रामगढ़ थाना क्षेत्र के कड़बिंधा बाजार स्थित मां लक्ष्मी इलेक्ट्रॉनिक एंड हार्डवेयर दुकान में बुधवार देर रात अज्ञात चोरों ने बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोर दुकान का छप्पर तोड़कर भीतर घुसे और करीब 70 हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी कर फरार हो गए।
घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में दिख रहा है कि चोर एलईडी लाइट जलाकर आराम से सिगरेट का कश लगाते हुए चोरी कर रहा है। उसने 500, 200 और 100 रुपये के नोटों को अलग-अलग बंडल बनाकर काउंटर में रखे नगद को आसानी से समेटा।
चोर ने चेहरे पर मास्क और शरीर पर पीले रंग का गमछा बांधा हुआ था तथा बिना शर्ट के था। चोरी के दौरान उसे सीसीटीवी में शर्ट पहनते भी देखा गया। वारदात के बाद उसने फिंगरप्रिंट मिटाने के लिए कॉलिन और सैनिटाइज़र का इस्तेमाल किया और फिर मोबाइल व नकदी को गमछे में लपेटकर निकल गया। चोरी की यह घटना बुधवार-गुरुवार की रात लगभग 1:40 बजे की बताई जा रही है।
दुकान मालिक संदीप कुमार मंडल ने बताया कि बुधवार शाम 8 बजे दुकान बंद कर घर गया था। गुरुवार सुबह पहुंचने पर दुकान का सामान बिखरा पड़ा था, काउंटर और छत का एलबेस्टर टूटा हुआ मिला। उन्होंने बताया कि 70 हजार नगद, एक रेडमी स्मार्टफोन, सेकंड हैंड मोबाइल समेत कई कीमती सामान चोरी हुए हैं।
सूचना के बाद थाना प्रभारी मनीष कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और सीसीटीवी फुटेज की जांच की। दुकान मालिक ने अज्ञात चोर के खिलाफ आवेदन दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।
Related posts:

