Spread the love

8 सूत्री मांगों को लेकर आंगनबाड़ी सेविका सहायिका गई अनिश्चितकालीन हड़ताल पर; जिला मुख्यालय के समक्ष किया धरना प्रदर्शन…

सरायकेला : संजय मिश्रा । झारखंड राज्य आंगनबाड़ी सेविका सहायिका संयुक्त संघर्ष मोर्चा के बैनर तले जिले की आंगनबाड़ी सेविका सहायिका शनिवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चली गई। इसे लेकर जिले भर की आंगनबाड़ी सेविका सहायिकाओं ने राजनगर प्रखंड अध्यक्ष शकुंतला सवैयां के नेतृत्व में जिला मुख्यालय के समक्ष विशाल धरना प्रदर्शन किया।

Advertisements
Advertisements

शकुंतला सवैयां ने इस संबंध में बताया कि रांची में किए गए आक्रोषपूर्ण प्रदर्शन के दौरान सरकार के प्रतिनिधि के रूप में गिरीडीह विधायक सुदीव्य कुमार सोनू द्वारा कैबिनेट में मांगों पर विचार किए जाने का आश्वासन दिया था। परंतु कुछ भी नहीं हुआ। इसके बाद प्रदेश मोर्चा के आह्वान पर सभी आंगनबाड़ी सेविका सहायिका शनिवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जा रहे हैं। अपनी 8 सूत्री मांगों के संबंध में उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा जारी सेवा शर्त नियमावली में आंशिक संशोधन के लिए समर्पित आवेदन पर अविलंब विचार किया जाए। सहायक अध्यापकों के समान आंगनबाड़ी सेविका सहायिका को मानदेय या वेतनमान के साथ सभी सुविधाओं की स्वीकृति देते हुए वार्षिक मानदेय वृद्धि की जटिलताओं को दूर किया जाए।

सेवानिवृत्ति के बाद सेविका को 10 लाख और सहायिका को 5 लाख एक मुश्त सेवा निवृत्ति का लाभ भुगतान किया जाए। अंतिम मानदेय का 50% पेंशन के रूप में भुगतान की स्वीकृति दी जाए। विभागीय कार्य संपादन के लिए ब्रांडेड कंपनी का एंड्राइड मोबाइल टैब रिचार्ज सहित आपूर्ति किया जाए। आंगनबाड़ी केंद्रों का पोषाहार की राशि बाजार दर पर उपलब्ध कराई जाए अथवा पोषाहार विभाग द्वारा आपूर्ति कराई जाए।

सहित अन्य मांगे शामिल रही। इस अवसर पर उपाध्यक्ष हर्षमति पूर्ति, सचिव सरफा मुर्मू, कोषाध्यक्ष मीना देवी, रुक्मिणी देवी, हीरामणि हांसदा, सावित्री दोराई, गीता साहू, लक्ष्मी महतो, सरस्वती सोय, आशा लोहार, सविता महतो, रंजना प्रधान, प्रमिला महतो, सुभद्रा देवी, मनीषा सोरेन, जनमुनी सोरेन एवं ललित महाली ने धरना प्रदर्शन कार्यक्रम को संबोधित किया।

Advertisements

You missed