
चाकुलिया: गोपाष्टमी महोत्सव की तैयारी शुरू, 17 और 18 नवंबर को लगेगा मेला
संवाददाता: विश्वकर्मा सिंह
चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र के नया बाजार स्थित कोलकाता पिंजरापोल सोसाइटी की गौशाला में इस वर्ष 111वें गोपाष्टमी महोत्सव का आयोजन धूमधाम से किया जाएगा. आगामी 17 एवं 18 नवंबर को आयोजित होने वाले इस दो दिवसीय धार्मिक महोत्सव को लेकर गौशाला परिसर में तैयारियां शुरू कर दी गई हैं. आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में उत्साह देखा जा रहा है.

महोत्सव के पहले दिन 17 नवंबर को सुबह गौमाता की पूजा-अर्चना के साथ कार्यक्रमों की शुरुआत होगी. इसके बाद सुबह 9 बजे गौमाता की शोभायात्रा निकाली जाएगी. शोभायात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए लोगों को गौसेवा और गौसंरक्षण का संदेश देगी. शाम को मेले का उद्घाटन होगा, जबकि रात 7 बजे सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा.

वहीं, 18 नवंबर को भी मेले में लोगों की भीड़ उमड़ने की उम्मीद है. दूसरे दिन शाम 7 बजे सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे. गोपाष्टमी महोत्सव के दौरान धार्मिक अनुष्ठान, मेला और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी.
आयोजन को सफल बनाने के लिए गौशाला समिति के अध्यक्ष गिरधारी लाल गोयनका, मेला संयोजक अविनाश सुरेका, महामंत्री आलोक लोधा, सह संयोजक विकास अग्रवाल, विवेकानंद लोधा समेत समिति के अन्य सदस्य सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं.
