
चाकुलिया: रामनवमी के मद्देनजर प्रशासन ने फ्लैग मार्च निकालकर लोगों से सौहार्द और शांति बनाए रखने की अपील की
संवाददाता: विश्वकर्मा सिंह
रामनवमी पर्व के अवसर पर शांति और विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर शनिवार की शाम चाकुलिया पुलिस द्वारा फ्लैग मार्च निकाला गया. इस फ्लैग मार्च में थाना प्रभारी संतोष कुमार, बीडीओ आरती मुंडा और सीओ नवीन पूर्ति समेत पुलिस बल शामिल थे. यह फ्लैग मार्च नगर पंचायत क्षेत्र के नया बाजार से पुराना बाजार तक मुख्य सड़क का भ्रमण किया. इस दौरान पुलिस ने पैदल चलकर लोगों से सौहार्द और शांति बनाए रखने की अपील की. थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि रामनवमी का पर्व आपसी भाईचारे और शांतिपूर्ण माहौल में मनाएं. शांति एवं सौहाद्रपूर्ण तरीके से रामनवमी पर्व मनाने एवं लोगों में सुरक्षा का बोध कराने के उद्देश्य से फ्लैग मार्च निकाला गया. उन्होंने बताया कि जिला पुलिस किसी भी परिस्थिति से निपटने को लेकर पूरी तरह से मुस्तैद है. उन्होंने बताया कि अशांति फैलाने वालों को किसी कीमत पर बख्सा नहीं जाएगा.


