
चाकुलिया: कालियाम पंचायत में भारी बारिश से दर्जनों घर डूबे, घर, फसल और सामान पूरी तरह बर्बाद
संवाददाता: विश्वकर्मा सिंह
चाकुलिया प्रखंड अंतर्गत कालियाम पंचायत के कई गांव मूसलधार बारिश ने पूरी तरह जलमग्न हो गया है. बारिश की भयावहता ने कई लोगों का सब कुछ छीन लिया है. घर, फसल और सामान पूरी तरह बर्बाद हो गया हैं. लगातार बारिश के कारण भीषण तबाही मच गई है. इस दौरान सड़कें, पुल-पुलिया और कच्चे-पक्के मकान जलमग्न हो जाने से जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है. इस दौरान सबसे अधिक बाढ़ प्रभावित गांव आखुआपाड़ा में दाखिन बेसरा और सालखान बेसरा का घर में पानी घुस गया है. प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने मकानों में तीन फीट तक पानी भर गया है. इन घरों में रखा अनाज, कपड़े, फर्नीचर और अन्य जरूरी सामान पूरी तरह खराब हो चुका है.


वहीं सानडांगरी गांव में भी दो घरों में पानी घुसने की खबर है. वहीं कई अन्य गांवों में दर्जनों घरों में दरारें आ गई हैं या वे पूरी तरह धंस गया हैं. भारी बारिश के कारण कई स्थानों पर बने डायवर्सन और पुलिया डूब चुके हैं. गोहालडांगरा-काला झरिया मार्ग पर पुलिया के पास बना डायवर्सन पूरी तरह जलमग्न हो गया है. धाधिका में निर्माणाधीन पुलिया के पास बनाए गए अस्थायी डायवर्सन पर छह फीट ऊंचा पानी बह रहा है, जिससे इस मार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है. कालियाम के चढ़ईडुबा खाल पर बनी पुलिया के ऊपर भी पानी बहने लगा है. इन हालातों में कालियाम पंचायत का सोनाहातू पंचायत से संपर्क पूरी तरह कट गया है, जिससे ग्रामीणों को राहत सामग्री पहुंचाना भी मुश्किल हो गया है.

इसकी सूचना पाकर प्रखंड प्रमुख धनंजय करुणामय, कालियाम पंचायत के मुखिया दासो हेंब्रम, बलराम महतो निर्मल महतो, बबलू हेंब्रम समेत अन्य मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया. इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से आपदा राहत टीम भेजने, खाद्य सामग्री और अस्थायी आश्रय स्थल की व्यवस्था करने की मांग की है.

