
आईसीएआर–आईआईएबी के छात्रों ने राष्ट्रीय पीएचडी प्रवेश परीक्षा में हासिल की शानदार सफलता

✍️ Arjun Kumar Pramanik
राँची/नामकुम । आईसीएआर–भारतीय कृषि जैव प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईएबी), राँची के छात्रों ने अखिल भारतीय पीएचडी प्रवेश परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर संस्थान का नाम रोशन किया है। यह परीक्षा आईसीएआर द्वारा डिम्ड विश्वविद्यालयों तथा राज्य कृषि विश्वविद्यालयों में पीएचडी प्रवेश के लिए आयोजित की जाती है । संस्थान की छात्रा सुश्री देविका ने पादप जैव रसायन (Plant Biochemistry) में अखिल भारतीय प्रथम स्थान प्राप्त कर कीर्तिमान स्थापित किया। वहीं सुश्री मौसाम यादव ने अनुवांशिकी एवं पादप प्रजनन (Genetics & Plant Breeding) में प्रथम स्थान हासिल किया। श्री दिगंत चक्रवर्ती ने कृषि रसायन (Agricultural Chemicals) में द्वितीय स्थान प्राप्त कर संस्थान का मान बढ़ाया। इसी क्षेत्र में सोयम बिट्टू (पाँचवाँ स्थान), ज्योति प्रकाश प्रधान (सातवाँ स्थान) तथा बिदिप्ता घोष (सोलहवाँ स्थान) ने भी उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की। आणविक जीवविज्ञान एवं जैव प्रौद्योगिकी (Molecular Biology & Biotechnology) में अभिलाष ने 36वाँ स्थान प्राप्त किया।संस्थान के निदेशक डॉ. सुजॉय रक्षित ने सभी सफल छात्रों, अभिभावकों तथा संकाय सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि “यह उपलब्धि छात्रों के परिश्रम, समर्पण और प्रतिभा का परिचायक है। हमें पूर्ण विश्वास है कि ये छात्र भविष्य में भारतीय कृषि अनुसंधान में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।” संस्थान के संयुक्त निदेशक (अनुसंधान) डॉ. विजय पाल भदाना तथा संयुक्त निदेशक (शैक्षणिक) डॉ. किशोर कुमार कृष्णानी ने भी इस उपलब्धि पर छात्रों और शिक्षकों को शुभकामनाएँ देते हुए इसे संस्थान के लिए गौरव का क्षण बताया।
Related posts:

