
चाकुलिया: स्वच्छ उत्सव के तहत विद्यार्थियों ने दिया स्वच्छता को लेकर प्रेरणादायी संदेश
संवाददाता: विश्वकर्मा सिंह
चाकुलिया : भारत सरकार द्वारा चलाए जा रहे स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में शुक्रवार को स्वच्छोउत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया. इस अवसर पर नगर पंचायत के अधिकारियों की मौजूदगी में कार्यपालक पदाधिकारी के निर्देशानुसार विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों की सहभागिता से कई कार्यक्रम संपन्न हुए. इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों और समाज को स्वच्छता के महत्व से जागरूक करना और इसे जन-आंदोलन के रूप में मजबूती प्रदान करना है. इस कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, मॉडल स्कूल, मिशन स्कूल एवं अन्य निजी विद्यालयों के विद्यार्थी शामिल हुए. इस दौरान सभी बच्चों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की और अपनी कला व विचारों से स्वच्छता का संदेश दिया.



इस मौके पर ड्रॉइंग प्रतियोगिता, निबंध लेखन प्रतियोगिता और स्वच्छता शपथ का आयोजन किया गया. ड्रॉइंग प्रतियोगिता में बच्चों ने स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण पर मनमोहक चित्र बनाए. निबंध लेखन प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने स्वच्छ भारत मिशन, अपशिष्ट प्रबंधन और साफ-सुथरे समाज के महत्व पर अपने विचार रखे. वहीं शपथ ग्रहण के दौरान विद्यार्थियों और शिक्षकों ने मिलकर जीवन में स्वच्छता को अपनाने का संकल्प लिया.

नगर पंचायत अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छता केवल एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि यह हर नागरिक का कर्तव्य है. बच्चों के जरिए यह संदेश समाज तक पहुँचेगा तो आने वाले दिनों में स्वच्छ चाकुलिया और स्वच्छ भारत का सपना अवश्य साकार होगा. इस प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का मूल्यांकन के आधार पर पुरस्कृत किया जाएगा.

विद्यालय प्रबंधन व शिक्षकों ने नगर पंचायत की इस पहल की सराहना की और कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से बच्चों में न केवल रचनात्मकता का विकास होता है बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी का भाव भी प्रबल होता है.

