
झारनेट से भूमि कार्य प्रभावित: पोटका विधायक संजीव सरदार ने सदन में उठाई आवाज, वेब वीपीएन व्यवस्था बहाल करने की मांग

रांची। पोटका विधानसभा क्षेत्र के विधायक संजीव सरदार ने गुरुवार को विधानसभा के शून्यकाल में राज्य के सभी अंचल कार्यालयों में लागू झारनेट प्रणाली को लेकर गंभीर चिंता जाहिर की। उन्होंने कहा कि झारनेट लागू होने के बाद भूमि से जुड़ा लगभग हर कार्य प्रभावित हो रहा है, जिससे रैयतों व आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
विधायक सरदार ने कहा कि पहले संचालित वेब वीपीएन (Web VPN) व्यवस्था के दौरान राजस्व व भूमि संबंधी कामकाज सुचारू गति से चलता था, लेकिन झारनेट लागू होने के बाद सर्वर की अत्यधिक धीमी गति ने पूरी व्यवस्था लगभग ठप कर दी है।
उन्होंने बताया कि रैयतों को एक साधारण कार्य के लिए भी कई–कई दिनों तक अंचल कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। इससे समय के साथ-साथ आर्थिक नुकसान भी बढ़ रहा है। वहीं दूसरी ओर राजस्व कार्यों में हो रही देरी का सीधा असर प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर पड़ रहा है। विधायक ने सदन में सरकार से स्पष्ट रूप से मांग की कि झारनेट प्रणाली को तत्काल प्रभाव से हटाकर पूर्व की तरह वेब वीपीएन (Web VPN) व्यवस्था पुनः लागू की जाए, ताकि रैयतों को राहत मिल सके और राजस्व कार्य समय पर निपटाए जा सकें।

