
नशा मुक्त अभियान के तहत जुलूस व जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

Arjun Kumar Pramanik……..✍️
नामकुम (रांची )। नालसा एवं झालसा के दिशा-निर्देश तथा डालसा सिविल कोर्ट के आदेशानुसार नशा मुक्त अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान 05 से 12 जनवरी 2026 तक जिले भर में संचालित किया जा रहा है।
अभियान के प्रथम दिन डालसा सिविल कोर्ट की ओर से नशा मुक्त जागरूकता को लेकर भव्य जुलूस निकाला गया। जुलूस सिविल कोर्ट परिसर से प्रारंभ होकर अल्बर्ट एक्का चौक तक गया एवं पुनः सिविल कोर्ट लौटकर संपन्न हुआ। इस दौरान आमजनों को जागरूक करने के उद्देश्य से नुक्कड़ नाटक का भी आयोजन किया गया।
इस जागरूकता जुलूस में डालसा के सचिव (न्यायिक पदाधिकारी) राकेश रोशन, सिविल कोर्ट के न्यायिक पदाधिकारी, एलएडीसी टीम के अधिवक्ता, पारा लीगल वॉलेंटियर्स (PLVs) सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
डालसा द्वारा यह नशा मुक्त अभियान जिले के सभी प्रखंडों, कस्तूरबा गांधी आवासीय उच्च विद्यालयों, पंचायतों एवं बाजार क्षेत्रों में चलाया जा रहा है, ताकि समाज को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराकर नशा मुक्त जीवन के लिए प्रेरित किया जा सके।
इसी क्रम में नामकुम प्रखंड के जामचुवा स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय उच्च विद्यालय में नशा मुक्त जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पीएलवी लता कुमारी ने छात्राओं एवं उपस्थित लोगों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक नुकसान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। पीएलवी लता कुमारी ने अपने वक्तव्य में कहा कि “नशा एक ऐसी बीमारी है, जो व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ पूरे परिवार और समाज को भी बर्बाद कर देती है। नशे के कारण कई परिवार बेघर और असहाय हो जाते हैं। यदि कोई व्यक्ति नशे की गिरफ्त में है तो उसे छिपाने के बजाय इलाज की ओर ले जाना चाहिए। डालसा के माध्यम से नशा पीड़ित व्यक्तियों का कांके स्थित रिनपास नशा मुक्ति केंद्र में निःशुल्क इलाज कराया जाएगा। नशा छोड़ने का संकल्प ही स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य की पहली सीढ़ी है।”
इस अवसर पर उपस्थित लोगों से नशा मुक्त जीवन अपनाने एवं दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की गई।
कार्यक्रम में पीएलवी लता कुमारी, प्रीति कुमारी, तारा मिंज, विद्यालय की प्राचार्या स्वर्णा देवी, बागेश्वरी देवी सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं अन्य लोग उपस्थित थे।
डालसा ने आम जनता से अपील की है कि नशे से दूर रहें, स्वस्थ जीवन अपनाएं और नशा मुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करें।

