
एसपी की अध्यक्षता में सरायकेला पुलिस की मासिक अपराध गोष्ठी, सुरक्षा व अपराध नियंत्रण पर ज़ोर

गम्हरिया ,संवाददाता- जगबंधु महतो
सरायकेला : सरायकेला–खरसावां पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में कार्यालय सभागार में मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक, सभी थाना प्रभारी एवं शाखा प्रभारियों ने भाग लिया।
गोष्ठी में आगामी सरस्वती पूजा एवं गणतंत्र दिवस को लेकर जिले की सुरक्षा एवं विधि व्यवस्था संधारण पर विस्तृत चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही दिसंबर माह में दर्ज अपराधों की समीक्षा कर लंबित कांडों के शीघ्र उद्भेदन और निष्पादन पर जोर दिया गया।
बैठक में अफीम की अवैध खेती, नशीले पदार्थों एवं अवैध शराब के खिलाफ अभियान तेज करने, सड़क दुर्घटनाओं में कमी हेतु वाहन जांच व जागरूकता, संपत्तिमूलक अपराधों के उद्भेदन, साइबर अपराध नियंत्रण, समयबद्ध पासपोर्ट सत्यापन तथा डायल-112 पर त्वरित रिस्पांस सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और पुलिस की सक्रियता व दृश्यता बढ़ाने के लिए सख्त व प्रभावी कार्रवाई जारी रखने का निर्देश दिया।

