Advertisements
Spread the love

गोंदली पोखर मध्य एवं उच्च विद्यालय हेसल में 33वां वार्षिक महोत्सव धूमधाम से संपन्न

Advertisements

Arjun Kumar Pramanik…..✍️

अनगड़ा(राँची) । प्रखंड स्थित गोंदली पोखर मध्य एवं उच्च विद्यालय, हेसल (खोपीसरना) में मंगलवार को 33वां वार्षिक महोत्सव उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के सचिव सह रांची विश्वविद्यालय वाणिज्य विभाग के डीन तथा आईएमएस के निदेशक डॉ. अमर कुमार चौधरी ने की। मुख्य अतिथि के रूप में खिजरी विधायक राजेश कच्छप उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई। छात्र-छात्राओं ने झारखंडी परंपरा के अनुसार अतिथियों का स्वागत किया। अपने संबोधन में विधायक राजेश कच्छप ने कहा कि वृक्ष की छांव से शुरू हुआ यह विद्यालय आज रांची जिले में अपनी अलग पहचान बना चुका है। यहां के विद्यार्थी हर वर्ष मैट्रिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य स्तर पर स्थान प्राप्त करते हैं, जो उनके अनुशासन और शिक्षकों की मेहनत का प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि झारखंड में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। ग्रामीण क्षेत्रों से निकलने वाली प्रतिभाओं को निखारने में शिक्षक-शिक्षिकाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है, जो सीमित संसाधनों में भी समर्पण के साथ कार्य कर रहे हैं। विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए उन्होंने कहा कि वे शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी आगे बढ़ें। आज झारखंड की बेटियां हॉकी और क्रिकेट जैसे खेलों में देश-विदेश में नाम रोशन कर रही हैं। अध्यक्षीय संबोधन में डॉ. अमर कुमार चौधरी ने विद्यालय की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए कहा कि यह संस्थान विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। विद्यालय के कई पूर्व छात्र देश के प्रतिष्ठित संस्थानों में योगदान दे रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे उच्च शिक्षा प्राप्त कर आगे बढ़ें, लेकिन अपनी झारखंडी संस्कृति और परंपरा को संजोए रखें।महोत्सव के अवसर पर उन पूर्व विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने उच्च शिक्षा में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। विद्यालय के प्रधानाध्यापक ब्रजेश कुमार महतो ने सभी अतिथियों और अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में अनगड़ा प्रमुख दीपा उरांव, जिप सदस्य अनुराधा मुण्डा समेत कई जनप्रतिनिधि, अभिभावक और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।