
चाकुलिया: होली और ईद पर्व को देखते हुए शांति समिति की हुई बैठक, जनप्रतिनिधियों ने की शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील
संवाददाता: विश्वकर्मा सिंह
चाकुलिया थाना परिसर में मंगलवार को होली और ईद पर्व को देखते हुए शांति समिति की बैठक अंचल अधिकारी नवीन पूर्ति की अध्यक्षता में की गई. इस दौरान बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सभी समुदाय आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ पर्व मनाएंगे तथा क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखी जाएगी. समिति के सदस्यों ने पर्व के दौरान निर्बाध बिजली और पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो. इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की.


बैठक में स्थानीय नागरिकों और ग्राम प्रधानों ने प्रखंड के विभिन्न गांवों में रात के समय संदिग्ध ड्रोन उड़ते देखे जाने की जानकारी दी. इस पर चिंता व्यक्त करते हुए प्रशासन से जांच की मांग की गई. पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि ड्रोन उड़ान की सत्यता और उसके उद्देश्य की जांच की जाएगी तथा आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. साथ ही बैठक के दौरान क्षेत्र में फैल रही बच्चा चोरी की अफवाहों पर गंभीर चर्चा हुई. प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में अफवाह है कि रात में चोर आ रहा है, दरवाजा खटखटा रहा है, लेकिन धरातल पर ऐसा कुछ समस्या का सूचना नहीं आया है. साथ ही बताया कि बच्चा चोर आया इसका वीडियो सोशल मीडिया में बिना जांच पड़ताल के चला दिया जा रहा है. लेकिन अगर गलत पाया गया तो सोशल मीडिया के द्वारा उसका खंडन किया जाए. निर्णय लिया गया कि ग्राम प्रधानों और स्थानीय प्रतिनिधियों के साथ विशेष बैठक कर लोगों को जागरूक किया जाएगा. साथ ही माइकिंग के माध्यम से भी आम जनता से अपील की जाएगी कि वे किसी भी अपुष्ट सूचना पर विश्वास न करें और तुरंत पुलिस को सूचित करें.

इस मौके पर नगर प्रशासक मोटाय बानरा, थाना प्रभारी संतोष कुमार, प्रखंड प्रमुख धनंजय करुणामय, उप प्रमुख कविता महतो, सिटी मैनेजर प्रभात मिंज, मुखिया साहेब राम मांडी, दासों हेंब्रम, मोहन सोरेन,जादू हेंब्रम, मंजू टुडू, अमित भारतीय, पतित पावन दास, समीर दास, अरुण बारीक, टुलू साव, राजेश नामता, मौशमी मल्लिक, दानगी सोरेन आदि उपस्थित थे.

