
आदित्यपुर में देर रात गोलियों की तड़तड़ाहट: सालडीह में गैंगवार, युवक गंभीर

रिपोर्टर – जगबंधु महतो
आदित्यपुर: आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सालडीह बस्ती में सोमवार की देर रात दो गुटों के बीच वर्चस्व की लड़ाई ने हिंसक रूप ले लिया। सालडीह बस्ती स्थित श्रीनाथ पब्लिक स्कूल के पास हुई फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई। इस घटना में 22 वर्षीय राजवीर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया।
गोली लगी राजवीर को
स्थानीय सूत्रों के अनुसार विवाद आपसी रंजिश को लेकर था और हमलावरों का निशाना आशीष नामक युवक था। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि संजय सरकार के पुत्र शुभम सरकार ने गोली चलाई। हालांकि गोली अपने लक्ष्य से चूक गई और वहां मौजूद राजवीर सिंह को जा लगी। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा, जबकि हमलावर मौके से फरार हो गए।
TMH में भर्ती, हालत नाजुक
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने राजवीर को जमशेदपुर स्थित टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) पहुंचाया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार उसकी स्थिति अत्यंत गंभीर बनी हुई है और डॉक्टरों की टीम लगातार निगरानी कर रही है।
पुलिस ने शुरू की छापेमारी
घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर पुलिस मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की। एसडीपीओ समीर कुमार सेवैया ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आपसी रंजिश का प्रतीत होता है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
फिलहाल इलाके में तनाव व्याप्त है, वहीं पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

