
राँची में शराब दुकान पर फायरिंग करने वाले तीन अपराधी गिरफ्तार, हथियार और कारतूस बरामद

Arjun Kumar Pramanik……✍️
अनगड़ा(राँची) । राँची में होली से ठीक पहले शराब दुकान पर फायरिंग करने वाले तीन अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने अनगड़ा थाना क्षेत्र में छापेमारी कर तीनों को धर दबोचा। पुलिस ने इनके पास से हथियार, जिंदा कारतूस और मोटरसाइकिल भी बरामद किया है। दरअसल तीन मार्च की रात करीब साढ़े नौ बजे अनगड़ा थाना क्षेत्र के गेतलसूद बाजार स्थित अनुज्ञप्ति प्राप्त कंपोजिट शराब दुकान पर तीन अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी थी। बताया जाता है कि आरोपी शराब दुकान पहुंचे थे और स्टाफ से शराब की बोतल की मांग कर रहे थे। जब कर्मचारियों ने शराब देने से इनकार किया तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए फायरिंग शुरू कर दी। दुकान के कर्मचारी किसी तरह काउंटर के पीछे छिपकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।घटना की सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर ग्रामीण एसपी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। सिल्ली डीएसपी अनुज उरांव के नेतृत्व में टाटीसिल्वे थाना प्रभारी हंसे उरांव, अनगड़ा थाना प्रभारी गौतम कुमार रजवार, सिकिदिरी थाना प्रभारी सचिन मिश्रा और मुरी ओपी प्रभारी राहुल कुमार मेहता सहित कई पुलिसकर्मियों को टीम में शामिल किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छह मार्च की सुबह अनगड़ा थाना क्षेत्र के जोन्हा स्थित एक मुर्गी पोल्ट्री फार्म के पास छापेमारी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान देव सिंह मुंडा, गौतम यादव उर्फ गोल्डन यादव और भोलू सोनी उर्फ भोलू वर्मा के रूप में हुई है।
पुलिस ने इनके पास से एक देशी रिवॉल्वर, एक देशी कट्टा, 19 जिंदा कारतूस, चार मोबाइल फोन और एक पल्सर मोटरसाइकिल बरामद किया है। ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। देव सिंह मुंडा पर करीब नौ और गोल्डन यादव पर लगभग बारह आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें हत्या, लूट, डकैती, आर्म्स एक्ट और रंगदारी जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी हाल ही में मैकलुस्कीगंज थाना क्षेत्र में विजय केशरी की हत्या के मामले में भी फरार चल रहे थे। ग्रामीण एसपी ने बताया कि ये अपराधी इलाके में अपना वर्चस्व स्थापित करना चाहते थे। फायरिंग जैसी घटनाओं को अंजाम देकर ये इलाके में दहशत फैलाना चाहते थे ताकि आगे चलकर रंगदारी और लेवी जैसे अपराधों को अंजाम दे सकें। फिलहाल पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

