
ईचागढ़ के विधायक सविता महतो ने क्षेत्र की जनसमस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन

अनुमंडल अस्पताल चालू करने, सड़क मरम्मत और खराब चापाकलो की शीघ्र मरम्मती की उठाई मांग
षष्ठम झारखंड विधानसभा के पंचम बजट सत्र के दौरान मुख्यमंत्री कक्ष में ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर ईचागढ़ की विधायक सविता महतो के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को ज्ञापन सौंपा। इस प्रतिनिधिमंडल में झामुमो के केंद्रीय सदस्य ओम प्रकाश लायक सहित कई कार्यकर्ता शामिल थे।ज्ञापन में ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में लंबे समय से खराब पड़े चापाकलो की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की गई, ताकि ग्रामीणों को पेयजल संकट से राहत मिल सके। इसके अलावा पूरी तरह से बनकर तैयार चांडिल अनुमंडलीय अस्पताल को जल्द से जल्द चालू करने की मांग भी रखी गई, जिससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
प्रतिनिधिमंडल ने चांडिल गोलचक्कर से गिद्दीबेड़ा टोल प्लाजा तक की मुख्य सड़क की मरम्मत कार्य पिछले एक वर्ष से लंबित रहने पर भी चिंता जताई। उन्होंने बताया कि यह सड़क जिला मुख्यालय से जुड़ने वाला प्रमुख मार्ग है, ऐसे में संवेदक द्वारा कार्य में हो रही देरी से आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से अविलंब सड़क निर्माण कार्य पूरा कराने की मांग की।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर झामुमो केंद्रीय सदस्य काबलु महतो, चांडिल प्रखंड अध्यक्ष कृष्णा किशोर महतो, विश्वनाथ गोप, समर भुईयां, अर्जुन सिंह मुंडा, पशुपति महतो, शंकर लायक, संजय महतो, स्नेहा महतो, अभय यादव, मिलन तंतुवाई, मधु गोप सहित काफी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता उपस्थित थे।

