Advertisements
Spread the love

झारखंड लोजपा खेल एवं संस्कृति प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष ममता रंजन ने वर्ल्ड रिकॉर्डधारी बाल तैराक इशांक सिंह को किया सम्मानित, कहा- पूरे विश्व में बढ़ाया झारखंड का मान

Advertisements

दुमका संवाददाता- मौसम गुप्ता

राजधानी रांची में झारखंड लोजपा खेल एवं संस्कृति प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष ममता रंजन ने विश्व रिकॉर्ड होल्डर नन्हे तैराक चैंपियन इशांक सिंह के आवास पहुंचकर उन्हें सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने इशांक सिंह को फूलों का गुलदस्ता, अंगवस्त्र एवं विशेष उपहार भेंट कर उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि पर गौरव व्यक्त किया। सम्मान समारोह के दौरान ममता रंजन ने इशांक सिंह को अपनी ओर से हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि इतनी कम उम्र में विश्व स्तर पर पहचान बनाना किसी भी खिलाड़ी के लिए बड़ी उपलब्धि होती है और इशांक सिंह ने अपने साहस, आत्मविश्वास और कड़ी मेहनत के दम पर यह कर दिखाया है। गौरतलब है कि रांची निवासी युवा तैराक इशांक सिंह ने विगत 30 अप्रैल 2026 को लगातार 9 घंटे 50 मिनट तक समुद्र में तैरते हुए भारत और श्री लंका के बीच स्थित बेहद चुनौतीपूर्ण पाल्क स्ट्रेट के लगभग 29 किलोमीटर लंबे समुद्री मार्ग को पार कर अपने नाम विश्व रिकॉर्ड दर्ज कराया। इस कठिन समुद्री अभियान को पूरा करना किसी बड़े अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि से कम नहीं माना जा रहा है। इशांक सिंह की इस ऐतिहासिक सफलता के बाद उन्हें विभिन्न सामाजिक, खेल एवं सांस्कृतिक संगठनों द्वारा सम्मानित किया जा रहा है और पूरे झारखंड में खुशी एवं गर्व का माहौल है। प्रदेश अध्यक्ष ममता रंजन ने कहा कि इशांक सिंह ने अपने शानदार प्रदर्शन से सिर्फ रांची ही नहीं बल्कि पूरे झारखंड राज्य का नाम देश और दुनिया में रोशन किया है। उन्होंने कहा कि पाल्क स्ट्रेट जैसी कठिन समुद्री चुनौती को पार करना असाधारण साहस और अनुशासन का परिचायक है। ममता रंजन ने कहा कि इशांक सिंह की यह उपलब्धि राज्य के हजारों युवाओं और खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी तथा आने वाली पीढ़ी को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करेगी। उन्होंने कहा कि झारखंड की प्रतिभाएं लगातार राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रही हैं और इशांक सिंह ने यह साबित कर दिया है कि यदि प्रतिभा को सही दिशा और मेहनत मिले तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता।

You missed