
मनोज चौधरी के भाजपा जाने की चर्चाओं पर बोले विनोद पाण्डेय-‘किसी के आने-जाने से झामुमो पर नहीं पड़ेगा असर’

रिर्पोटर -जगबंधु महतो
राजनीति में दल बदल सामान्य प्रक्रिया, संगठन की मजबूती ही हमारी प्राथमिकता : विनोद पाण्डेय
सरायकेला: नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज चौधरी के झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने की चर्चाओं के बीच झामुमो के केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता विनोद कुमार पाण्डेय ने कहा है कि किसी भी व्यक्ति के पार्टी में आने या जाने से संगठन पर कोई विशेष प्रभाव नहीं पड़ता। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों में लोगों का आना-जाना एक सामान्य और निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है।
बुधवार को सरायकेला में आयोजित बीएलए-2 प्रशिक्षण सह संगठन सुदृढ़ीकरण कार्यशाला के दौरान पत्रकारों द्वारा मनोज चौधरी के भाजपा में जाने की चर्चाओं को लेकर पूछे गए सवाल पर विनोद पाण्डेय ने सीधे तौर पर कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया देने से परहेज किया। उन्होंने कहा कि कौन पार्टी में शामिल हो रहा है और कौन पार्टी छोड़ रहा है, इसकी जिम्मेदारी जिला कमेटी के स्तर पर देखी जाती है।
उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति को उसकी इच्छा के विरुद्ध पार्टी में नहीं रखा जा सकता। यदि कोई कार्यकर्ता या नेता किसी अन्य दल में जाना चाहता है तो उसे रोका नहीं जा सकता। उन्होंने स्पष्ट किया कि झामुमो एक विचारधारा आधारित संगठन है और किसी एक व्यक्ति के आने या जाने से पार्टी की ताकत प्रभावित नहीं होती।
अपने बयान को स्पष्ट करते हुए उन्होंने हाल ही में झामुमो में शामिल हुए केपी सोरेन का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि केपी सोरेन पहले कांग्रेस में थे, लेकिन अब उन्होंने झामुमो की सदस्यता ग्रहण की है। इससे यह साबित होता है कि राजनीतिक परिस्थितियों, विचारधारा और व्यक्तिगत निर्णयों के आधार पर नेता और कार्यकर्ता समय-समय पर दल बदलते रहते हैं।
विनोद पाण्डेय ने कहा कि झामुमो का मुख्य उद्देश्य संगठन को मजबूत करना और जनता से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाना है। पार्टी इसी दिशा में लगातार कार्य कर रही है और जनहित के सवालों पर अपनी प्रतिबद्धता बनाए रखेगी।

