
दुमका : वनबाद जंगल में पेड़ से लटका मिला सड़ा-गला शव…
रिपोर्ट : मौसम गुप्ता

मसलिया थाना क्षेत्र के चंदना पंचायत अंतर्गत वनबाद गांव के जंगल से शुक्रवार को पुलिस ने एक अधेड़ व्यक्ति का सड़ा-गला शव बरामद किया। शव पेड़ से फंदे के सहारे लटका हुआ था। मृतक की पहचान जामताड़ा जिले के बिंदापाथर थाना क्षेत्र के अगौया गांव निवासी लक्ष्मीकांत मंडल के रूप में की गई है। जानकारी के अनुसार वनबाद का जंगल सुनसान क्षेत्र होने के कारण वहां लोगों का आना-जाना बहुत कम होता है। पिछले कुछ दिनों से इलाके में तेज दुर्गंध फैल रही थी। शुक्रवार को ग्रामीण दुर्गंध के स्रोत का पता लगाने जंगल की ओर गए, जहां एक पेड़ से लटका हुआ सड़ा-गला शव दिखाई दिया। इसके बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। सूचना मिलने पर मसलिया थाना प्रभारी राजेश रंजन पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से शव को पेड़ से नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए दुमका भेज दिया। घटनास्थल से एक लुंगी, गमछा, पैंट-शर्ट, झोला तथा 1100 रुपये नकद बरामद किए गए। बरामद सामान के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की, जिसके बाद मृतक की पहचान लक्ष्मीकांत मंडल के रूप में हुई। परिजनों ने भी उनकी पहचान की पुष्टि की। मृतक के छोटे भाई अधीर मंडल ने बताया कि 3 जून को लक्ष्मीकांत धान का बीज खरीदने की बात कहकर नाला बाजार गए थे, लेकिन वापस घर नहीं लौटे। काफी खोजबीन के बावजूद उनका कोई पता नहीं चल पाया था।

परिजनों के अनुसार लक्ष्मीकांत मंडल सब्जी और बांस का कारोबार करते थे। दोनों बेटियों की शादी में जमा पूंजी खर्च हो जाने के कारण वे काफी चिंतित रहते थे। परिवार के लोगों का कहना है कि छोटी बेटी की शादी के बाद से उनकी मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं थी और वे अक्सर परेशान रहते थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
