Spread the love

अतिक्रमण प्रभावित दुकानदारों को बड़ी राहत, 4 करोड़ की लागत से बनेंगे 3 आधुनिक मार्केट कॉम्प्लेक्स

Advertisements
Advertisements

रिर्पोटर – जगबंधु महतो

सांसद जोबा माझी की पहल रंग लाई, गम्हरिया बाजार की 164 दुकानों के पुनर्वास का रास्ता साफ

गम्हरिया:अतिक्रमण हटाओ अभियान से प्रभावित छोटे दुकानदारों के पुनर्वास को लेकर शनिवार को गम्हरिया अंचल कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। सिंहभूम सांसद जोबा माझी की अध्यक्षता में हुई बैठक में अंचल प्रशासन और आदित्यपुर नगर निगम के अधिकारियों ने बाजारों के विकास और विस्थापित दुकानदारों के स्थायी पुनर्वास पर विस्तृत चर्चा की।
बैठक में सांसद जोबा माझी ने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों के साथ-साथ छोटे व्यवसायियों के हितों की रक्षा भी उतनी ही जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अतिक्रमण हटाने से प्रभावित दुकानदारों के लिए सम्मानजनक और स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि उनकी आजीविका पर कोई प्रतिकूल असर न पड़े।
आदित्यपुर नगर निगम के अपर नगर आयुक्त रवि प्रकाश ने बताया कि करीब 4 करोड़ रुपये की लागत से आशियाना मोड़, चूना भट्टा और दिंदली में तीन नए आधुनिक मार्केट कॉम्प्लेक्स बनाए जाएंगे। आशियाना मोड़ में 78.61 लाख, चूना भट्टा में 68 लाख तथा दिंदली में 2.56 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित इन परियोजनाओं के पूरा होने पर लगभग 200 अतिक्रमण प्रभावित दुकानदारों को व्यवस्थित दुकानें उपलब्ध कराई जा सकेंगी।
बैठक में गम्हरिया बाजार की 164 दुकानों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। बताया गया कि भूमि और किराया व्यवस्था को लेकर कृषि बाजार समिति तथा अंचल प्रशासन के बीच तकनीकी अड़चन बनी हुई है। अपर नगर आयुक्त ने कहा कि बाजार समिति से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) मिलते ही नगर निगम एक माह के भीतर आधुनिक मार्केट कॉम्प्लेक्स निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर देगा।
सांसद के निर्देश पर अंचल अधिकारी प्रवीण कुमार को सभी प्रभावित दुकानदारों की सूची तैयार कर नगर निगम को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। बैठक में सीडीपीओ दुर्गेश नंदनी, सांसद प्रतिनिधि केपी सोरेन समेत कई अधिकारी उपस्थित रहे।

You missed