Spread the love

चंपाई खेमे को झटका, बी.डी .दास और ममता बेज की झामुमो में घर वापसी

Advertisements
Advertisements

रिर्पोटर – जगबंधु महतो

केपी सोरेन के आवास पर शक्ति प्रदर्शन, सांसद जोबा माझी की मौजूदगी में कई नेताओं ने थामा झामुमो का दामन

गम्हरिया: सरायकेला-खरसावां जिले की राजनीति में शनिवार को बड़ा घटनाक्रम देखने को मिला, जब पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन के करीबी माने जाने वाले सामाजिक-राजनीतिक कार्यकर्ता बी. डी .दास और पूर्व पार्षद ममता बेज ने अपने समर्थकों के साथ पुनः झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) का दामन थाम लिया। कांग्रेस छोड़कर हाल ही में झामुमो में शामिल हुए केपी सोरेन के आवास पर आयोजित मिलन समारोह राजनीतिक रूप से खासा चर्चित रहा।
समारोह में सिंहभूम सांसद जोबा माझी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। उनके समक्ष आदित्यपुर नगर निगम वार्ड-7 के पार्षद परितोष बेज, पूर्व पार्षद ममता बेज, बी. डी .दास समेत बड़ी संख्या में युवाओं, महिलाओं और पुरुषों ने झामुमो की सदस्यता ग्रहण की। इस घटनाक्रम को कोल्हान की राजनीति में झामुमो की बढ़ती पकड़ और संगठनात्मक मजबूती के रूप में देखा जा रहा है।
सांसद जोबा माझी ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों से प्रभावित होकर विभिन्न दलों के लोग झामुमो से जुड़ रहे हैं। उन्होंने नए सदस्यों से संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और सरकार की योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।
वहीं, केपी सोरेन ने कहा कि झामुमो झारखंड की अस्मिता, जल-जंगल-जमीन और आदिवासी-मूलवासी अधिकारों की लड़ाई लड़ने वाली पार्टी है। इसी विचारधारा से प्रभावित होकर उन्होंने झामुमो का दामन थामा है।
घर वापसी पर बी. डी .दास ने भाजपा पर अप्रत्यक्ष निशाना साधते हुए कहा कि वहां उन्हें अपेक्षित सम्मान और भूमिका नहीं मिली, जबकि झामुमो कार्यकर्ताओं को पहचान और सम्मान देने वाली पार्टी है। कार्यक्रम में अभय झा, संजय कुमार सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। समारोह के अंत में नए सदस्यों का स्वागत कर संगठन को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया गया।

You missed