
अनगड़ा के चंद्रटोली में दर्दनाक हादसा: कुएं में डूबने से दो सगे भाइयों की मौत, परिवार में पसरा मातम


Arjun Kumar…..✍️
अनगड़ा (रांची) । अनगड़ा थाना क्षेत्र के चंद्रटोली गांव में सोमवार सुबह एक हृदयविदारक हादसे में दो सगे भाइयों की कुएं में डूबने से मौत हो गई। छोटे भाई को बचाने के प्रयास में बड़े भाई ने अपनी जान की परवाह किए बिना कुएं में छलांग लगा दी, लेकिन दोनों को बचाया नहीं जा सका। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, चंद्रटोली निवासी विनोद मुंडा (32 वर्ष) मिर्गी की बीमारी से पीड़ित था। सोमवार सुबह किसी घरेलू बात को लेकर घर में विवाद हुआ। इसी दौरान वह घर परिसर में स्थित गहरे कुएं में गिर गया। विनोद को डूबता देख उसके बड़े भाई सुखराम मुंडा (41 वर्ष) उसे बचाने के लिए तुरंत कुएं में उतर गए।
बताया जाता है कि कुआं काफी गहरा होने और तैराकी की पर्याप्त जानकारी नहीं होने के कारण दोनों भाई पानी में फंस गए। परिजनों के शोर मचाने पर ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के उपरांत दोनों को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर अनगड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। मृतकों में छोटा भाई विनोद अविवाहित था, जबकि बड़ा भाई सुखराम अपने पीछे पत्नी, दो पुत्र और एक पुत्री को छोड़ गया है। एक ही परिवार के दो भाइयों की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम का माहौल है और स्थानीय लोग इस घटना को अत्यंत दुखद बता रहे हैं।

