
हिमांशु हत्याकांड पर भाजपा का ‘हल्ला बोल’, सरकार पर अपराधियों को संरक्षण देने का आरोप


रिर्पोटर : जगबंधु महतो
परिजनों से मिले प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू व नेता प्रतिपक्ष अमर बावरी, बोले— न्याय नहीं मिला तो पूरे झारखंड में होगा उग्र आंदोलन
आदित्यपुर : चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड अब पूरी तरह राजनीतिक मुद्दा बनता जा रहा है। शनिवार को भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बावरी, विधायक भानु प्रताप शाही और भाजपा के कई वरिष्ठ नेता आदित्यपुर स्थित दिवंगत हिमांशु सिंह के आवास पहुंचे। नेताओं ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और न्याय मिलने तक हर लड़ाई में साथ खड़े रहने का भरोसा दिया।
मुलाकात के बाद भाजपा ने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन पर तीखा हमला बोलते हुए कानून-व्यवस्था को पूरी तरह विफल बताया। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने आरोप लगाया कि जमशेदपुर जैसे औद्योगिक शहर में अपराधियों ने खुलेआम चापड़ से हमला कर एक युवक की हत्या कर दी, जबकि पुलिस मौके पर होने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं कर सकी। उन्होंने दावा किया कि पीड़ित जान बचाने के लिए पुलिस वाहन तक पहुंचे, लेकिन अपराधियों ने वहीं से घसीटकर हमला किया और पुलिस मूकदर्शक बनी रही। उन्होंने कहा कि यह घटना झारखंड में अपराधियों के बढ़ते मनोबल और सरकार की विफल कानून-व्यवस्था की बड़ी तस्वीर पेश करती है।
नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बावरी ने आरोप लगाया कि मामले की निष्पक्ष जांच के बजाय तथ्यों को प्रभावित करने की कोशिश हो रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी और किसी भी कीमत पर इस मामले की लीपापोती नहीं होने देगी।
विधायक भानु प्रताप शाही ने घटना के समय ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों की भूमिका पर गंभीर सवाल उठाते हुए उनके खिलाफ हत्या से संबंधित धाराओं में कानूनी कार्रवाई और तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। उनका कहना था कि यदि पुलिस समय पर अपनी जिम्मेदारी निभाती तो शायद हिमांशु की जान बचाई जा सकती थी।
भाजपा नेताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि जल्द ही दोषियों पर कड़ी कार्रवाई कर पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिला तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जमशेदपुर बंद के बाद जरूरत पड़ी तो पूरे झारखंड को बंद कर व्यापक जनआंदोलन छेड़ा जाएगा। साथ ही भाजपा का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल जल्द ही राज्यपाल से मिलकर निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग करेगा।

