श्राद्ध भोज में मातम: सरायकेला के नुआगुड़ा गांव में वज्रपात से 9 वर्षीय बच्ची समेत दो की दर्दनाक मौत

रिर्पोटर : जगबंधु महतो
आंगन के पेड़ पर गिरी आसमानी बिजली, पांच लोग घायल; डॉक्टर बोले– अस्पताल पहुंचने से पहले हो चुकी थी दो की मौत
सरायकेला :
सरायकेला थाना क्षेत्र के मुड़कुम पंचायत अंतर्गत नुआगुड़ा गांव में रविवार शाम प्रकृति का कहर एक परिवार पर टूट पड़ा। श्राद्ध भोज के दौरान अचानक हुए वज्रपात ने सामाजिक आयोजन को पलभर में मातम में बदल दिया। आंगन में खड़े पेड़ पर गिरी आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 9 वर्षीय मासूम बच्ची और एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी रोशनी सोरेन की दिवंगत मां के श्राद्ध कर्म एवं मृत्यु भोज का आयोजन किया गया था। शाम करीब छह बजे बड़ी संख्या में ग्रामीण और रिश्तेदार कार्यक्रम में मौजूद थे। इसी दौरान मौसम ने अचानक करवट ली और तेज गर्जना के साथ आंगन में स्थित पेड़ पर वज्रपात हो गया। बिजली की चपेट में आने से वहां मौजूद कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के तुरंत बाद ग्रामीणों ने सभी घायलों को सरायकेला सदर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में तैनात चिकित्सक डॉ. निरंजन मार्डी ने बताया कि 9 वर्षीय रोशनी सोरेन और 32 वर्षीय सोनू सरदार को अस्पताल लाए जाने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी। वहीं अन्य पांच घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया, जिनकी हालत फिलहाल स्थिर और खतरे से बाहर बताई जा रही है।घटना की सूचना मिलते ही सरायकेला थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे नुआगुड़ा गांव में शोक का माहौल है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बरसात और खराब मौसम के दौरान पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें तथा मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करें।
Related posts:

