Spread the love

JSSC सहायक आचार्य भर्ती घोटाला: नौकरी के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का एक और सदस्य गिरफ्तार, पांच आरोपी अब तक सलाखों के पीछे

Advertisements

रिर्पोटर जगबंधु महतो

 

भर्ती में सेटिंग का झांसा देकर लाखों की ठगी: चौका पुलिस की कार्रवाई तेज, रांची का चंदन कुमार गिरफ्तार

सरायकेला- जेएसएससी पीजीटी सहायक आचार्य भर्ती में नौकरी दिलाने का झांसा देकर अभ्यर्थियों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ चौका पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। मामले में गुरुवार को पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रांची के हरमु निवासी चंदन कुमार के रूप में हुई है। उसकी गिरफ्तारी के बाद इस
हाई-प्रोफाइल ठगी मामले में जेल भेजे गए आरोपियों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि चंदन कुमार अभ्यर्थियों को परीक्षा में बेहतर अंक दिलाने और चयन सुनिश्चित कराने का झूठा भरोसा देकर उन्हें अपने जाल में फंसाता था। आरोप है कि वह पूरे ठगी नेटवर्क का सक्रिय सदस्य था और गिरोह के अन्य आरोपियों के साथ मिलकर अभ्यर्थियों से मोटी रकम वसूलने की साजिश में शामिल था।
इससे पहले चौका पुलिस ने हजारीबाग निवासी एवं आईआरबी-3 में तैनात हवलदार सुशील कुमार, गिरिडीह के हीरोडीह निवासी अमित कुमार उर्फ आर्यन, उसके चचेरे भाई अभिजीत कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। वहीं इस मामले में नाम सामने आने के बाद रांची के धुर्वा निवासी राजेश कुमार ने चांडिल न्यायालय में आत्मसमर्पण किया था। पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरोह की कार्यप्रणाली, पैसों के लेन-देन और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की गहन जांच की जा रही है। जांच के दायरे में कई अन्य संदिग्ध भी हैं और जल्द ही इस मामले में और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है।

ऐसे हुआ था पूरे गिरोह का खुलासा

पूरे मामले का खुलासा 9 जुलाई को हुआ, जब चौका थाना क्षेत्र के चावलीबासा-बड़ामटांड गांव की एक युवती से सहायक आचार्य के पद पर नियुक्ति दिलाने के नाम पर 10 लाख रुपये की मांग की गई। इसकी सूचना मिलने पर पूर्व पंचायत समिति सदस्य गुरुचरण साव ने ग्रामीणों के सहयोग से पीपरवार (चतरा) स्थित आईआरबी-3 में तैनात हवलदार सुशील कुमार को पकड़कर चौका पुलिस के हवाले कर दिया। इसी कार्रवाई के बाद भर्ती में ठगी करने वाले संगठित गिरोह की परतें खुलनी शुरू हुईं और पुलिस लगातार आरोपियों को गिरफ्तार कर रही है।