Spread the love

चाकुलिया: मनभावन तीज मेले में उमड़ी महिलाओं की भीड़, 14 स्टॉल रहे आकर्षण का केंद्र

संवाददाता: विश्वकर्मा सिंह
चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र के पुराना बाजार स्थित अग्रसेन भवन में रविवार को मारवाड़ी महिला समिति के तत्वावधान में मनभावन तीज मेले का भव्य आयोजन किया गया. सावन के अवसर पर आयोजित इस मेले में महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ी. मेले में विभिन्न प्रकार के कुल 14 स्टॉल लगाए गए, जो आकर्षण का केंद्र बने रहे. इस दौरान तीज मेले में राखी, पारंपरिक एवं फैंसी साड़ियां, खिलौने, उपहार सामग्री, महिलाओं के श्रृंगार प्रसाधन, आभूषण तथा स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टॉल लगाए गए. महिलाओं ने उत्साहपूर्वक खरीदारी की और मेले का भरपूर आनंद उठाया.

Advertisements

कार्यक्रम का उद्घाटन समिति के वरिष्ठ सदस्यों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया. उन्होंने कहा कि चाकुलिया जैसे छोटे कस्बे में मारवाड़ी महिला समिति द्वारा तीज मेले का भव्य आयोजन किया जा रहा है. ऐसे आयोजन महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, आत्मनिर्भर बनने तथा सामाजिक रूप से सशक्त होने का अवसर प्रदान करते हैं.

मेले के सफल आयोजन एवं संचालन में मारवाड़ी महिला समिति की अध्यक्ष नीता झुनझुनवाला, सचिव रीना केडिया, कोषाध्यक्ष सुमन लोधा, रीता लोधा, पुष्पा रूंगटा, बबीता रूंगटा, चंदा रूंगटा, श्रेया रूंगटा, संगीता केडिया, संगीत भारतीय, निधि रूंगटा सहित समिति की अन्य सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.