सरायकेला पुलिस का बड़ा एक्शन: पश्चिम बंगाल के अंतरराज्यीय गिरोह पर शिकंजा, चार आरोपी गिरफ्तार

रिर्पोटर – जगबन्धु महतो
तकनीकी जांच और गुप्त सूचना से खुला राज, बंगाल के चार शातिर दबोचे; कोर्ट ने भेजा जेल
सरायकेला: सरायकेला पुलिस ने एक अंतरराज्यीय गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पश्चिम बंगाल के चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। गुप्त सूचना, तकनीकी अनुसंधान और त्वरित कार्रवाई के दम पर पुलिस ने गिरोह के सदस्यों को धर दबोचा। पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में अपराध नियंत्रण की दिशा में अहम सफलता माना जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई सरायकेला थाना कांड संख्या-59/26 के अनुसंधान के दौरान की गई। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2), 317(2) एवं 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही थी। जांच के दौरान मिले ठोस साक्ष्यों और तकनीकी इनपुट के आधार पर पुलिस टीम ने पश्चिम बंगाल में छापेमारी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में मुन्नी मुदलियार, कंका मुदलियार, नारायण मुदलियार और कनक विश्वास शामिल हैं। सभी आरोपी पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के बंदेल क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद सभी आरोपियों की चिकित्सीय जांच कराई गई और कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया गया। अदालत के आदेश पर चारों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है। गिरोह के नेटवर्क, संभावित अन्य साथियों और अपराध के पूरे तंत्र की पड़ताल की जा रही है। यदि जांच में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके विरुद्ध भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सरायकेला पुलिस ने स्पष्ट किया कि जिले में सक्रिय या बाहर से आकर अपराध करने वाले गिरोहों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

