चाकुलिया: 5 मेगावाट सोलर पावर प्लांट का शिलान्यास, 30 करोड़ की परियोजना से बनेगा स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन
संवाददाता: विश्वकर्मा सिंह
चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र स्थित पुरानापानी मौजा के मार्दाबांध में झारखंड सरकार के ऊर्जा विभाग के अंतर्गत झारखंड रिन्यूएबल एनर्जी डेवलपमेंट एजेंसी (जेरेडा) द्वारा 5 मेगावाट क्षमता के ग्राउंड माउंटेड सोलर पावर प्लांट का शनिवार को विधिवत शिलान्यास किया गया. इस शिलान्यास समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में बहरागोड़ा के विधायक समीर कुमार मोहंती शामिल हुए. इस दौरान दोनों जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से विधि विधान के साथ पूजा अर्चना कर एवं नारियल फोड़कर परियोजना की आधारशिला रखी और इसे क्षेत्र के विकास, ऊर्जा आत्मनिर्भरता तथा पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया. कार्यक्रम के दौरान स्वच्छ ऊर्जा, हरित झारखंड और आत्मनिर्भर भारत का संदेश भी दिया गया. करीब 25 एकड़ क्षेत्रफल में बनने वाली इस सोलर परियोजना की कुल अनुमानित लागत 30 करोड़ रुपये है, जिसमें 25 वर्षों का संचालन एवं रखरखाव भी शामिल है. इस परियोजना के संबंध में इलेक्ट्रिकल एग्जीक्यूटिव इंजीनियर अतिलेश गौतम ने तकनीकी जानकारी दी.



इस सम्बंध में मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि ने कहा कि इस परियोजना के पूर्ण होने के बाद क्षेत्र में स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा और बिजली आपूर्ति व्यवस्था को मजबूती मिलेगी. साथ ही उन्होंने सोलर प्लांट बना रहे संवेदक को बेहतर ढंग से गुणवत्ता के आधार पर कार्य करने का सख्त निर्देश दिया.

इस मौके पर जिला परिषद सदस्य धारित्री महतो, प्रखंड प्रमुख धनंजय करुणामय, नगर अध्यक्ष सोमवारी सोरेन, उपाध्यक्ष राज कुमार मिश्रा, सांसद प्रतिनिधि पार्थों महतो, सतदल महतो, चन्दना मुर्मू, प्रोजेक्ट इंजीनियर सुमित पटेल, अभिजीत आनंद, मनीष कुमार, सुकांत दत्ता, साधन मल्लिक, राजा बारीक, चंदन महतो, साहेब राम मांडी, संजय दास, मौसमी मल्लिक, राजेश नामाता आदि उपस्थित थे.

