मारुति सुजुकी में झारखंड गवर्नमेंट टूल रूम, रांची के 10 छात्रों का चयन, ₹5.60 लाख सालाना तक का पैकेज


Arjun Kumar…✍️
नामकुम(राँची) । झारखंड गवर्नमेंट टूल रूम एंड ट्रेनिंग, रांची के 2022-26 बैच के 10 विद्यार्थियों का मारुति सुजुकी में चयन हुआ है। चयनित विद्यार्थियों को कंपनी की ओर से अधिकतम ₹5.60 लाख प्रतिवर्ष का पैकेज मिला है।
सभी चयनित विद्यार्थी कंपनी में योगदान दे चुके हैं
यह उपलब्धि संस्थान में संचालित टूल एंड डाई मेकिंग प्रशिक्षण की उद्योगपरक शिक्षा और व्यावहारिक प्रशिक्षण का परिणाम है। संस्थान में विद्यार्थियों को तकनीकी ज्ञान के साथ-साथ मशीन संचालन, ड्राइंग, माप-निरीक्षण, CNC, CAD/CAM, मोल्ड एवं डाई तथा आधुनिक उत्पादन प्रक्रियाओं का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाता है।
इन 10 विद्यार्थियों का हुआ चयन
2022-26 बैच के चयनित विद्यार्थियों में आलोक कुमार महतो, आनंद सिन्हा, अनमोल प्रसाद साव, अनुप महतो, दिवाकर कुमार महतो, कृष्ण कुमार तिवारी, मनीष कुमार महतो, रोशन राज, राज किशोर एवं प्रवीण कुमार शामिल हैं।
ऑटोमोबाइल एवं विनिर्माण उद्योग में उत्पादन की गति और गुणवत्ता बनाए रखने के लिए कुशल तकनीकी मानव संसाधन की महत्वपूर्ण भूमिका है। टूल, डाई, मोल्ड, मशीनिंग, प्रिसिजन मैन्युफैक्चरिंग और उत्पादन से जुड़े कार्यों में प्रशिक्षित युवाओं की मांग लगातार बढ़ रही है। मारुति सुजुकी जैसी प्रतिष्ठित ऑटोमोबाइल कंपनी में संस्थान के 10 विद्यार्थियों का चयन इस मांग के अनुरूप तकनीकी प्रशिक्षण की प्रासंगिकता को दर्शाता है।
टूल एंड डाई मेकिंग में रोजगार के व्यापक अवसर
आधुनिक विनिर्माण उद्योग तेजी से तकनीक आधारित हो रहा है। ऑटोमोबाइल से लेकर इंजीनियरिंग उत्पाद, इलेक्ट्रॉनिक्स, मोल्डिंग, डाई-कास्टिंग और प्रिसिजन पार्ट्स तक लगभग हर आधुनिक उत्पादन प्रणाली में टूल एवं डाई की महत्वपूर्ण भूमिका है। इस क्षेत्र में प्रशिक्षित विद्यार्थी टूल डिजाइन, डाई निर्माण, CNC मशीनिंग, मोल्ड निर्माण, CAD/CAM, मेट्रोलॉजी, निरीक्षण एवं प्रिसिजन इंजीनियरिंग सहित विभिन्न क्षेत्रों में करियर बना सकते हैं। झारखंड गवर्नमेंट टूल रूम, रांची का उद्देश्य विद्यार्थियों को उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप तकनीकी रूप से दक्ष बनाना है। संस्थान में CNC ट्रेनिंग, CNC मशीनिंग सेंटर, CNC EDM, वायर EDM, CAD/CAM, सीएमएम एवं मेट्रोलॉजी जैसी आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जाता है।
संस्थान के प्राचार्य महेश कुमार गुप्ता ने सभी चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि टूल एंड डाई मेकिंग के क्षेत्र में युवाओं के लिए रोजगार की व्यापक संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि संस्थान का प्रयास विद्यार्थियों को व्यावहारिक एवं उद्योगोन्मुख प्रशिक्षण देकर उन्हें बेहतर करियर के लिए तैयार करना है।
संस्थान के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी श्री आशुतोष मिश्रा, ट्रेनिंग इंचार्ज श्री मंगल टोप्पो एवं प्लेसमेंट इंचार्ज श्री गौरव प्रियदर्शी ने भी चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

