
चाकुलिया: दशकों पुरानी देशबंधु सिंचाई नहर के जीर्णोद्धार की जगी उम्मीद, विधायक समीर मोहंती के सवाल पर सरकार का सकारात्मक जवाब
संवाददाता: विश्वकर्मा सिंह
चाकुलिया प्रखंड के कालापाथर एवं सरडीहा पंचायत क्षेत्र के किसानों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है. वर्षों से जर्जर पड़ी देशबंधु सिंचाई नहर परियोजना के पुनरुद्धार की दिशा में सरकार ने पहल शुरू कर दी है. इस महत्वपूर्ण मुद्दे को बहरागोड़ा विधायक समीर मोहंती ने विधानसभा में प्रमुखता से उठाया था. विधायक ने विधानसभा में सवाल के माध्यम से सरकार का ध्यान देशबंधु सिंचाई नहर की बदहाल स्थिति की ओर आकृष्ट कराया. उन्होंने बताया कि वर्ष 1960 के दशक में निर्मित इस सिंचाई परियोजना से कालापाथर एवं सरडीहा पंचायत क्षेत्र की सैकड़ों एकड़ कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा मिलती थी. लंबे समय से नहर के उचित रखरखाव के अभाव में इसके कई हिस्से क्षतिग्रस्त हो चुके हैं. नहर के टूटने और पानी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण किसानों को खेती-किसानी में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. विधायक समीर मोहंती ने सरकार से किसानों के व्यापक हित को देखते हुए देशबंधु सिंचाई नहर परियोजना के जल्द जीर्णोद्धार की मांग की थी. विधायक के सवाल के जवाब में सरकार की ओर से सकारात्मक जानकारी दी गई है. सरकार ने बताया कि नहर के पुनरुद्धार कार्य का प्राक्कलन तैयार किया जा रहा है. प्राक्कलन तैयार होने के बाद परियोजना के जीर्णोद्धार के लिए आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. सरकार के इस जवाब से कालापाथर, सरडीहा सहित आसपास के क्षेत्र के किसानों में नहर के पुनरुद्धार को लेकर उम्मीद जगी है. यदि नहर पुनः सुचारू रूप से संचालित होती है, तो इससे क्षेत्र की सैकड़ों एकड़ कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा मिलने की संभावना है और किसानों को बड़ी राहत मिल सकती है. विधायक समीर कुमार मोहंती ने कहा कि क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों की समस्याओं को विधानसभा के पटल पर उठाकर उनके समाधान के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है. किसानों के हित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाते हुए उनके समाधान की दिशा में आगे भी प्रयास जारी रहेगा.
