















कई वर्षों बाद गम्हरिया में लौटी मेले की रौनक, श्रावणी मीना बाजार में उमड़ा जनसैलाब











रिर्पोटर – जगबंधु महतो
झामुमो नेता प्रो. के.पी. सोरेन ने किया उद्घाटन, झूलों और मनोरंजन के साधनों ने बच्चों को खूब लुभाया
गम्हरिया। लंबे अंतराल के बाद छोटा गम्हरिया स्थित वाणी विद्या मंदिर स्कूल मैदान एक बार फिर मेले की रंगीनियों से गुलजार हो उठा। शुक्रवार को यहां आयोजित श्रावणी मेला मीना बाजार का उद्घाटन शिक्षाविद एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता प्रो. कालीपद सोरेन उर्फ के.पी. सोरेन ने फीता काटकर किया।
उद्घाटन के बाद प्रो. के.पी. सोरेन ने मेला परिसर का भ्रमण कर दुकानों, झूलों और मनोरंजन के विभिन्न साधनों का जायजा लिया। उन्होंने मेले में पहुंचे ग्रामीणों से मुलाकात की और लंबे समय बाद आयोजित इस आयोजन की सराहना की।
मेले के आयोजन को लेकर स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग परिवार के साथ मेला देखने पहुंचे। शाम ढलते ही मेला परिसर में भीड़ बढ़ती गई और पूरा क्षेत्र चहल-पहल से भर गया। खासकर बच्चों में झूले, खिलौने और मनोरंजन के अन्य साधनों को लेकर जबरदस्त उत्साह नजर आया।
मेले में सजी खान-पान की दुकानों पर भी लोगों की भीड़ रही। परिवार के साथ पहुंचे लोगों ने विभिन्न व्यंजनों का आनंद लेने के साथ झूलों और मनोरंजन के साधनों का लुत्फ उठाया। लंबे समय बाद क्षेत्र में इस तरह का आयोजन होने से ग्रामीणों को मनोरंजन के साथ आपसी मेलजोल का भी अवसर मिला।
मेला आयोजनकर्ता सूरज लाल महतो उर्फ लकड़ू महतो ने कहा कि कई वर्षों बाद श्रावणी मेला आयोजित करने का उद्देश्य ग्रामीणों को मनोरंजन का अवसर उपलब्ध कराने के साथ क्षेत्र में उत्सव का माहौल कायम करना है। उन्होंने आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों, अतिथियों और मेले में पहुंचे ग्रामीणों के प्रति आभार जताया।
उद्घाटन समारोह में सुखलाल महतो, वरिष्ठ नेता जगदीश नारायण चौबे, इंद्रकांत झा, वाणी विद्या मंदिर स्कूल के अध्यक्ष इंद्रजीत महतो, चंपई मंडल, विपेन्द्र राय, शिवराम पान, श्याम महतो सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे। मेले में उमड़ी ग्रामीणों और बच्चों की भीड़ ने आयोजन को खास बना दिया।






