















चाकुलिया: 80वें स्वतंत्रता दिवस पर विधायक समीर कुमार मोहंती ने विभिन्न स्थानों पर फहराया तिरंगा
संवाददाता: विश्वकर्मा सिंह
80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बहरागोड़ा विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए. कार्यक्रमों में क्षेत्र के विधायक समीर कुमार मोहंती शामिल हुए और राष्ट्रध्वज तिरंगा फहराकर स्वतंत्रता सेनानियों एवं शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की. इस अवसर पर विधायक ने अपने कार्यालय के साथ-साथ चाकुलिया स्थित भगत सिंह चौक, बिरसा चौक सहित क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में हिस्सा लिया. इस दौरान उन्होंने उपस्थित लोगों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं.












इस अवसर पर विधायक समीर कुमार मोहंती ने कहा कि देश की आजादी अनगिनत स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान का परिणाम है. उनके बलिदान को स्मरण करते हुए हमें लोकतंत्र, संविधान तथा देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने का संकल्प लेना चाहिए. उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि देश, समाज और अपने क्षेत्र के प्रति जिम्मेदारियों को समझने का भी दिन है.



उन्होंने क्षेत्रवासियों से आपसी एकता, भाईचारे और सहयोग के साथ बहरागोड़ा विधानसभा क्षेत्र के विकास में सहभागी बनने का आह्वान किया. कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, पार्टी कार्यकर्ता, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे.







