















आंसनबनी के जाताल पूजा स्थल का विवाद फिर गरमाया, ग्रामीणों ने किया विरोध












सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल अंचल अंतर्गत आंसनबनी स्थित पारंपरिक जाताल पूजा स्थल को लेकर विवाद एक बार फिर गरमा गया है। पूजा स्थल पर निर्माण कार्य शुरू किए जाने की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सिलपट गिराकर चारदीवारी निर्माण की तैयारी का विरोध किया।
ग्रामीणों का कहना है कि जाताल पूजा स्थल पर उनके पूर्वजों के समय से पूजा-अर्चना होती आ रही है। ऐसे में पारंपरिक पूजा स्थल को किसी भी व्यक्ति द्वारा बेचने, कब्जा करने या स्वरूप बदलने का प्रयास ग्रामीण किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेंगे।
ग्रामीणों के अनुसार, मंगलवार की शाम पूजा स्थल पर सिलपट गिराकर चारदीवारी निर्माण की तैयारी की जा रही थी। ग्रामीणों का आरोप है कि यह कार्य बीएम तिवारी की ओर से कराया जा रहा था। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
ग्रामीणों ने बताया कि जाताल पूजा स्थल का विवाद पिछले कई वर्षों से चला आ रहा है और इसे लेकर पूर्व में कई बार बैठकें भी हो चुकी हैं। ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि पूजा स्थल से किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
ग्रामीणों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, पूजा स्थल की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने और पारंपरिक पूजा स्थल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।






