Advertisements
Spread the love

आदित्यपुर : मेधावी विद्यार्थियों को मिला सम्मान, रंगारंग प्रस्तुतियों से सजी प्राइज नाइट

रिर्पोटर – जगबंधु महतो

आदित्यपुर में शिक्षा, संस्कार और प्रतिभा का संगम, श्री राम पब्लिक स्कूल व प्रभावती स्कूल ऑफ नर्सिंग का 27वां वार्षिकोत्सव संपन्न हुआ।

भाटिया बस्ती स्थित श्री राम पब्लिक स्कूल एवं प्रभावती स्कूल ऑफ नर्सिंग का 27वां वार्षिक उत्सव सह प्राइज नाइट हर्षोल्लास और उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। समारोह में विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों को सम्मानित करने के साथ ही उनकी सांस्कृतिक प्रतिभा का भी शानदार प्रदर्शन देखने को मिला।

 

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि आदित्यपुर के उपमहापौर अंकुर सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता के लिए अनुशासन, कड़ी मेहनत और निरंतर प्रयास आवश्यक है। उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए संस्थान के उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा अभिभावकों से भी बच्चों के सर्वांगीण विकास में सहयोगी भूमिका निभाने की अपील की।

समारोह में पार्षद मंजू देवी एवं गंगोत्री नर्सिंग होम के जे.एन. दास विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

संस्था के निदेशक पंकज प्रसाद ने कहा कि वार्षिकोत्सव संस्था के संघर्ष, विश्वास, सेवा और अब तक की उपलब्धियों का उत्सव है। उन्होंने बताया कि संस्था वर्ष 1999 से शिक्षा के क्षेत्र में कार्यरत है। वर्ष 2012 में एनआईटी के पूर्व प्राचार्य डॉ. श्री राम प्रसाद की स्मृति में श्री राम पब्लिक स्कूल के माध्यम से औपचारिक शिक्षा के क्षेत्र में विस्तार किया गया। इसके बाद वर्ष 2021 में प्रभावती स्कूल ऑफ नर्सिंग की स्थापना की गई।

उन्होंने कहा कि नर्सिंग शिक्षा के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाकर उन्हें परिवार का आर्थिक सहारा बनने के साथ-साथ समाज सेवा के लिए भी तैयार किया जा रहा है।

इस अवसर पर विभिन्न कक्षाओं में उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को अतिथियों द्वारा प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। प्री-प्राइमरी, प्राइमरी एवं हाई स्कूल स्तर के विद्यार्थियों को उनके बेहतर प्रदर्शन के लिए पुरस्कृत कर आगे और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया गया।

प्रभावती स्कूल ऑफ नर्सिंग की प्रतिभावान छात्राओं को भी सम्मानित किया गया। प्रथम वर्ष की सानिया गोप एवं पिंकी पात्रा तथा द्वितीय वर्ष की रेशमी कुमारी और जाबा रानी महतो को उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।

वार्षिकोत्सव के दौरान विद्यार्थियों ने नृत्य, गीत-संगीत एवं सामाजिक संदेशों पर आधारित एक से बढ़कर एक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने समारोह में मौजूद अतिथियों और अभिभावकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावकों की उपस्थिति रही, जिन्होंने बच्चों की प्रतिभा का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्राचार्या सुषमा कुमारी ने धन्यवाद ज्ञापन किया। आयोजन को सफल बनाने में संस्था की सचिव रिंकी प्रसाद सहित मोहम्मद समशेर, सविता, नीलम, उषा, सुमित्रा, कंचन, नीतू, दीप्ति, शंभू, रेशमी, अनुराधा, श्वेता, सलोनी, प्रिया, सोनी, अंजना, वंदना और सपना ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं प्रभावती स्कूल ऑफ नर्सिंग की प्राचार्या श्रेया झा के साथ गायत्री देवी और बेबी महतो ने भी कार्यक्रम को सफल बनाने में सराहनीय योगदान दिया।

You missed