
सरायकेला : ठेकेदार संजय डालमिया के आवास पर सुबह पड़ा ED का छापा…
रिर्पोटर – जगबंधु महतो
# सरायकेला के पटनायक टोला में ED की कार्रवाई से मची हलचल, ठेकेदार संजय डालमिया के ठिकाने पर दस्तावेजों की पड़ताल ।
# ठेकेदार संजय डालमिया के आवास पर ED की छापेमारी, वित्तीय दस्तावेजों की जांच जारी

सरायकेला : सरायकेला जिले में शुक्रवार की सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई से पटनायक टोला इलाके में हलचल मच गई। ईडी की एक विशेष टीम ने ठेकेदार संजय डालमिया के आवासीय परिसर में पहुंचकर जांच शुरू की। सुबह-सुबह हुई इस कार्रवाई के बाद इलाके में लोगों के बीच चर्चाओं का दौर शुरू हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब सात बजे ईडी के अधिकारी तीन वाहनों से संजय डालमिया के पटनायक टोला स्थित आवास पर पहुंचे। परिसर में पहुंचने के बाद टीम ने सुरक्षा व्यवस्था के बीच जांच की प्रक्रिया शुरू की।
बताया जा रहा है कि ईडी के अधिकारी आवास के विभिन्न कमरों, दराजों और लॉकरों की बारीकी से तलाशी ले रहे हैं। जांच के दौरान ठेकेदारी से जुड़े वित्तीय लेन-देन, बैंक खातों, संपत्ति के दस्तावेजों और आयकर से संबंधित कागजातों की पड़ताल की जा रही है।
इसके अलावा, टीम द्वारा आवास में मौजूद लैपटॉप, मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल उपकरणों की भी जांच किए जाने की जानकारी सामने आई है। इन उपकरणों में उपलब्ध जानकारी और दस्तावेजों को खंगालकर संबंधित तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।
फिलहाल ईडी की कार्रवाई जारी है। हालांकि, छापेमारी किन आरोपों या मामले के सिलसिले में की गई है, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। जांच पूरी होने के बाद ही कार्रवाई से जुड़े विस्तृत तथ्यों का पता चल सकेगा।
