
मुसाबनी : ज्योतिनडीह लगी चिकित्सा शिविर, 400 ग्रामीणों की हुई स्वास्थ्य जांच
रिपोर्ट : सुनिल साव
मुसाबनी के निकट ज्योतिनडीह गांव में रविवार को फ्रेंड्स ऑफ ट्राइबल्स सोसाइटी (एफटीएस), जमशेदपुर चैप्टर और रोटरी क्लब ऑफ जमशेदपुर वेस्ट के संयुक्त तत्वावधान में चिकित्सा शिविर सह वन यात्रा का आयोजन किया गया। शिविर में करीब 400 ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत ग्रामीणों के पारंपरिक स्वागत और लोकनृत्य से हुई। इस दौरान एफटीएस एवं रोटरी क्लब के सदस्यों ने एकल विद्यालय का दौरा किया। विद्यालय के बच्चों ने सामूहिक रूप से गायत्री मंत्र का पाठ किया तथा भाषा, गणित सहित विभिन्न विषयों में अर्जित अपने ज्ञान का प्रदर्शन किया।
इसके बाद आयोजित चिकित्सा शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। चिकित्सकों ने लोगों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें जरूरी सलाह दी। शिविर का उद्देश्य ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने और स्वास्थ्य व स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाना था।
कार्यक्रम के तहत ‘समृद्धि मेला’ भी लगाया गया, जिसमें पुराने एवं इस्तेमाल किए गए कपड़े ग्रामीणों को न्यूनतम दरों पर उपलब्ध कराए गए। इससे जरूरतमंद लोगों को किफायती दर पर कपड़े उपलब्ध कराने के साथ वस्तुओं के पुनः उपयोग को बढ़ावा देने का प्रयास किया गया।
पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से गांव और आसपास के क्षेत्रों में करीब 50 पौधे लगाए गए। ग्रामीणों को हरित वातावरण के महत्व के प्रति जागरूक भी किया गया। कार्यक्रम के समापन पर ग्रामीणों की ओर से तैयार सामुदायिक भोज में एफटीएस, रोटरी क्लब के सदस्यों और ग्रामीणों ने एक साथ भोजन किया।
मौके पर एफटीएस के अध्यक्ष राजेश मित्तल, कार्यकारी अध्यक्ष सुनील बागडोदिया, सचिव संजय मुख्य रूप से उपस्थित थें।
