
चाकुलिया: ओबीसी की आबादी के अनुरूप मिले आरक्षण और प्रतिनिधित्व : चंदन महतो
संवाददाता: विश्वकर्मा सिंह
चाकुलिया: कुड़मी युवा नेता चंदन महतो ने झारखंड सरकार पर पिछड़ा वर्ग की अनदेखी करने का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि राज्य में ओबीसी समाज की आबादी बड़ी संख्या में होने के बावजूद शिक्षा, रोजगार, सरकारी नियुक्तियों और राजनीतिक प्रतिनिधित्व में उन्हें आबादी के अनुरूप हिस्सेदारी नहीं मिल रही है. चंदन महतो ने कहा कि कोल्हान समेत पूरे झारखंड में बड़ी संख्या में ओबीसी समाज के लोग निवास करते हैं. इसके बावजूद सरकारी योजनाओं और रोजगार के अवसरों का अपेक्षित लाभ उन्हें नहीं मिल पा रहा है. विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले ओबीसी युवाओं को उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और रोजगार के क्षेत्र में कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है.
उन्होंने सरकार से जातिगत गणना कराने, ओबीसी की वास्तविक आबादी के आंकड़े सार्वजनिक करने तथा आबादी के अनुरूप आरक्षण और प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने की मांग की. उन्होंने कहा कि सरकारी नौकरियों और शैक्षणिक संस्थानों में ओबीसी वर्ग के लिए पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराए जाने चाहिए.

चंदन महतो ने पंचायत और नगर निकायों में ओबीसी आरक्षण को प्रभावी ढंग से लागू करने की भी मांग की. साथ ही पिछड़ा वर्ग आयोग को और अधिक मजबूत कर उसकी अनुशंसाओं पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही. उन्होंने कहा कि ओबीसी समाज किसी दूसरे वर्ग के अधिकारों को कम करने की मांग नहीं कर रहा है, बल्कि अपने संवैधानिक अधिकार, सम्मान और न्यायसंगत प्रतिनिधित्व की मांग कर रहा है. सरकार को इस दिशा में ठोस और प्रभावी पहल करनी चाहिए.
