Advertisements
Spread the love

चांडिल में सड़क हादसे ने बुझाया छात्र का जीवन, पॉलिटेक्निक कॉलेज में शोक

रिर्पोटर : जगबंधु महतो

हादसे में पॉलिटेक्निक छात्र की मौत, साथी गंभीर; शोक में डूबा कॉलेज परिसर

 

चांडिल : चांडिल थाना क्षेत्र के चांडिल गोलचक्कर के समीप मंगलवार को हुए सड़क हादसे में पॉलिटेक्निक कॉलेज के एक छात्र की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही कॉलेज परिसर में शोक का माहौल छा गया। मृतक की पहचान गम्हरिया के छोटा गम्हरिया गांव निवासी प्रेम कुमार महतो के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, प्रेम कुमार महतो चांडिल पॉलिटेक्निक कॉलेज के मैकेनिकल विभाग में अध्ययनरत था। हादसे में उसके साथ मौजूद छात्र समीर दास भी गंभीर रूप से घायल हुआ है। समीर गम्हरिया के शांतिनगर का निवासी बताया जा रहा है। घायल छात्र का उपचार कराया जा रहा है।

घटना की सूचना मिलने के बाद चांडिल थाना प्रभारी संतन तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जानकारी जुटाई जा रही है।

इधर, छात्र की मौत की खबर कॉलेज पहुंचते ही शिक्षकों और विद्यार्थियों के बीच शोक की लहर दौड़ गई। कॉलेज परिसर में शोकसभा आयोजित कर दिवंगत छात्र को श्रद्धांजलि दी गई। प्राचार्य डॉ. नीरज प्रियदर्शी सहित शिक्षकों और छात्रों ने प्रेम कुमार महतो के निधन पर गहरा दुख जताया तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

शोकसभा के बाद कॉलेज प्रबंधन ने मंगलवार की शेष कक्षाएं स्थगित कर दीं। अचानक हुई छात्र की मौत से कॉलेज के विद्यार्थियों में भी मायूसी देखी गई। घटना ने एक बार फिर चांडिल गोलचक्कर के आसपास सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े किए हैं।

You missed

मुसाबनी : प्रखंड कार्यालय परिसर में बंद पड़ा उप-स्वास्थ्य केंद्र का मामला डा. बालमुचू ने संभाला