Advertisements
Spread the love

सी-डैक पटना और एसबीयू के बीच हुआ समझौता, शोध एवं तकनीकी सहयोग को मिलेगा बढ़ावा

Arjun Kumar….✍️

नामकुम(राँची) । सरला बिरला विश्वविद्यालय (एसबीयू), रांची और सेंटर फॉर डेवलपमेंट ऑफ एडवांस्ड कंप्यूटिंग (सी-डैक), पटना के बीच अकादमिक, शोध, नवाचार और तकनीकी सहयोग को मजबूत करने के उद्देश्य से समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। एमओयू पर हस्ताक्षर सरला बिरला विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान किए गए । इस अवसर पर सरला बिरला विश्वविद्यालय के  महानिदेशक प्रो. गोपाल पाठक, कुलपति प्रो. सी. जगनाथन एवं कुलसचिव प्रो. एस. बी. दंडीन सहित विश्वविद्यालय के डीन, एसोसिएट डीन, विभागाध्यक्ष एवं वरिष्ठ शिक्षक उपस्थित रहे। सी-डैक पटना की ओर से वरिष्ठ वैज्ञानिक सह केंद्र प्रमुख  अभिनव दीक्षित, वैज्ञानिक  निशांत कुमार शेखर,  साकेत झा तथा  अमरजीत शर्मा कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम में सी-डैक की विभिन्न गतिविधियों तथा विश्वविद्यालय के साथ संभावित सहयोग के प्रमुख बिंदुओं, डिजिटल ट्विनिंग, स्मार्ट सिटी डेवलपमेंट, साइबर सिक्योरिटी, क्वांटम कंप्यूटिंग, एआई/एमएल इत्यादि से संबंधित प्रस्तुति दी गई। तत्पश्चात दोनों संस्थानों के प्रतिनिधियों ने एमओयू पर औपचारिक रूप से हस्ताक्षर किए। इस समझौते के माध्यम से संयुक्त शोध एवं विकास, प्रशिक्षण कार्यक्रम, कार्यशालाएं, सेमिनार, इंटर्नशिप, छात्र परियोजनाएं, कौशल विकास, क्षमता निर्माण तथा तकनीक आधारित शैक्षणिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। इससे एसबीयू के विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं शोधार्थियों को उभरती तकनीकों से जुड़ने तथा सी-डैक के साथ संयुक्त शोध के नए अवसर प्राप्त होंगे। एसबीयू के  प्रतिकुलाधिपति बिजय कुमार दलान एवं  राज्यसभा सांसद सह निदेशक प्लानिंग एंड डेवलपमेंट डॉ प्रदीप कुमार वर्मा ने इस एमओयू पर हर्ष व्यक्त किया है।

You missed