Advertisements
Spread the love

चाकुलिया: 11 अक्टूबर को धूमधाम से मनेगी महाराजा अग्रसेन जयंती, निकलेगी भव्य शोभायात्रा

संवाददाता: विश्वकर्मा सिंह
चाकुलिया में रविवार 11 अक्टूबर को श्री श्री 1008 महाराजा अग्रसेन जी की जयंती धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाई जाएगी. इस अवसर पर चाकुलिया अग्रवाल समाज की ओर से विभिन्न धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. कार्यक्रम के माध्यम से महाराजा अग्रसेन जी के समाजवाद, समानता, सेवा, सहयोग और सामाजिक एकता के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा.

शोभायात्रा से होगी जयंती समारोह की शुरुआत

जयंती के अवसर पर रविवार अपराह्न 3:30 बजे सत्यनारायण ठाकुरबाड़ी मंदिर परिसर से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी. शोभायात्रा पुराना बाजार होते हुए बिरसा मुंडा चौक से गुजरेगी और अग्रसेन स्मृति भवन, पुराना बाजार पहुंचकर संपन्न होगी. समाज के सदस्यों से पारंपरिक वेशभूषा में सपरिवार शामिल होकर शोभायात्रा की शोभा बढ़ाने की अपील की गई है.

शोभायात्रा के बाद अग्रसेन स्मृति भवन में महाराजा अग्रसेन जी का पूजन एवं आरती की जाएगी. इसके पश्चात अभिभावक सम्मान समारोह, फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता, प्रतिभा सम्मान, पुरस्कार वितरण और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे. समारोह के अंत में प्रसाद वितरण की व्यवस्था रहेगी.

शनिवार को होगा तंबोला का आयोजन

जयंती समारोह से एक दिन पूर्व शनिवार, 10 अक्टूबर को शाम छह बजे से अग्रसेन स्मृति भवन में मारवाड़ी समाज के भाई-बहनों एवं बच्चों के लिए तंबोला (हाउजी) का आयोजन किया गया है. इसका उद्देश्य समाज के लोगों के बीच आपसी मेल-मिलाप, सौहार्द और पारिवारिक एकता को बढ़ावा देना है.

सपरिवार शामिल होने की अपील

कार्यक्रम के संयोजक राजेश लोधा ने समाज के सभी सदस्यों, मातृशक्ति, युवाओं और बच्चों से दोनों कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक भाग लेने की अपील की है. उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग और सहभागिता से महाराजा अग्रसेन जी की जयंती को भव्य एवं यादगार बनाया जा सकेगा.