
कालिका नगर और मानीकुई पुनर्वास में दुर्गा पूजा पंडाल का उद्घाटन, हरेलाल महतो ने, दी शुभकामनाएं

शांतिपूर्ण माहौल में आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील, सप्तमी से नवमी तक होंगे धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम
सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल प्रखंड अंतर्गत आसनबनी पंचायत के फदलोगोड़ा कालीमन्दर स्थित कालिका नगर और मानीकुई पुनर्वास कॉलोनी में शुक्रवार को सार्वजनिक दुर्गा पूजा पंडाल का उद्घाटन भाजपा नेता हरेलाल महतो ने किया। इस अवसर पर उन्होंने मां दुर्गा से क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और उन्नति की कामना करते हुए सभी को दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं दीं।
हरेलाल महतो ने कहा कि शारदीय नवरात्र और दुर्गा पूजा आस्था, शक्ति और हमारी सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक है। मां दुर्गा की आराधना बुराई पर अच्छाई और अन्याय पर न्याय की विजय का संदेश देती है। उन्होंने लोगों से पर्व को शांतिपूर्ण माहौल में आपसी सौहार्द, प्रेम और भाईचारे के साथ मनाने की अपील की।
इधर, सप्तमी से नवमी तक होंगे विशेष कार्यक्रम। पूजा कमेटी के संरक्षक एवं जूना अखाड़ा के महंत विद्यानंद सरस्वती ने बताया कि शनिवार को महासप्तमी के अवसर पर कलश यात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद विधि-विधान से कलश स्थापना और मां कालरात्रि की पूजा-अर्चना होगी। महासप्तमी, महाष्टमी और महानवमी पर तीनों दिन रात में धार्मिक, सांस्कृतिक एवं मनोरंजक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में महंत विद्यानंद सरस्वती, ईचागढ़ के पूर्व प्रत्याशी मस्तान सिंह, महंत मेघानन्द सरस्वती, महंत इंद्रानंद सरस्वती, ग्राम प्रधान प्रबोध उरांव, शंकर मंडल, प्रदीप गिरी और लक्ष्मीकांत महतो समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
