
स्वामी विवेकानंद एफसी बरवाटोली बनी चैंपियन, मरियम टूटी को मिला प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब
Arjun Kumar….✍️
अनगड़ा(राँची) । अनगड़ा स्टेडियम लुपुंग में आयोजित तृतीय अनगड़ा किक महिला फुटबॉल टूर्नामेंट के फाइनल में स्वामी विवेकानंद एफसी बरवाटोली ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया। राम एकेडमी के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय प्रतियोगिता के खिताबी मुकाबले में बरवाटोली की टीम ने युवा एफसी को पेनाल्टी शूटआउट में 4-3 गोल से हराकर विजेता बनने का गौरव हासिल किया। प्रतियोगिता के समापन पर आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में विजेता बरवाटोली की टीम को 40 हजार रुपये, जबकि उपविजेता युवा एफसी को 30 हजार रुपये की नकद राशि प्रदान की गई। वहीं, सेमीफाइनल में पहुंचने वाली डार्क हॉर्स और आश्रिता एंजेल क्वीन एफसी की टीमों को 5,500-5,500 रुपये देकर सम्मानित किया गया। व्यक्तिगत पुरस्कारों में बरवाटोली की मरियम टूटी को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। उन्हें पुरस्कार स्वरूप साइकिल दी गई। वहीं, युवा एफसी की विनीता कुमारी को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार प्रदान किया गया।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पलामू के मोटर वाहन निरीक्षक राहुल ठाकुर उपस्थित थे। विशिष्ट अतिथियों में युवा आजसू पार्टी के जिला कोषाध्यक्ष आतिश कुमार महतो, जिला परिषद सदस्य राजेंद्र शाही मुंडा एवं अनुराधा मुंडा, मुखिया शांति देवी, पंचायत समिति सदस्य कुंती देवी, संदीप नायक, अजय नायक, भाजपा अनगड़ा मंडल अध्यक्ष सुनील महतो, भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिलाध्यक्ष नरेश साहू, आजसू प्रखंड अध्यक्ष जगन्नाथ महतो, जिला रेफरी संघ के महासचिव मोहम्मद फरीद तथा माही मोबाइल के राजेश सिंह शामिल थे।
कार्यक्रम का संचालन आयोजन समिति के संयोजक रामसाय मुंडा ने किया।
