
बांदना,सोहराय पर्व पर पारगामा में दिखी लोकसंस्कृति की झलक, बलद गोरु काड़ा खुटान प्रतियोगिता में उमड़े ग्रामीण
रिपोर्टर – जगबंधु महतो
लुप्त होती लोकपरंपरा को बचाने की पहल, पारगामा में पहली बार हुआ पारंपरिक पशु प्रतियोगिता का आयोजन
कुकड़ू: आधुनिकता के बढ़ते प्रभाव के बीच झारखंड की पारंपरिक लोकसंस्कृति और ग्रामीण विरासत को जीवंत रखने की अनूठी पहल कुकड़ू प्रखंड के पारगामा गांव में देखने को मिली। सोहराय, बांदना के अवसर पर आयोजित पारंपरिक बलद गोरु काड़ा खुटान प्रतियोगिता ने ग्रामीणों को अपनी पुरानी सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ने का अवसर दिया। इस आयोजन में लोक आस्था, पशुपालन की परंपरा और ग्रामीण जीवनशैली की खूबसूरत झलक देखने को मिली।
कुकड़ू प्रखंड में पहली बार आयोजित इस प्रतियोगिता को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह रहा। पारगामा समेत आसपास के कई गांवों से पशुपालक अपने-अपने बैलों के साथ प्रतियोगिता में पहुंचे। पारंपरिक रीति-रिवाजों के बीच प्रतिभागियों ने अपने पशुओं के साथ कौशल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुटी। पूरे आयोजन के दौरान उत्सव जैसा माहौल बना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो शामिल हुईं। उन्होंने इस आयोजन को ग्रामीण संस्कृति और पारंपरिक विरासत के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से गांवों की पुरानी परंपराओं को नई पहचान मिलती है और युवा पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों को समझने का अवसर मिलता है।
वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रखंड प्रमुख प्रतिमा सिंह, मुखिया लालू मांझी एवं उपमुखिया चाइना महतो उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पशुओं के मालिकों को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। आयोजन के माध्यम से ग्रामीणों ने संदेश दिया कि सोहराय केवल एक पर्व नहीं, बल्कि झारखंड की सांस्कृतिक पहचान और परंपरागत जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा है। ऐसी पहल से आने वाली पीढ़ियों तक लोकसंस्कृति की विरासत पहुंचाने का मार्ग प्रशस्त होगा।
