Advertisements
Spread the love

चाकुलिया: विधायक समीर मोहंती ने भालुकबिंदा में 10 लाभुक परिवारों के नए घर का किया गृह प्रवेश

संवाददाता: विश्वकर्मा सिंह
चाकुलिया प्रखंड की भातकुंडा पंचायत अंतर्गत भालुकबिंदा गांव में सोमवार को अबुआ आवास एवं प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभुकों के लिए गृह प्रवेश समारोह का आयोजन किया गया. समारोह मे विधायक समीर कुमार मोहंती बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए. इस अवसर पर नवनिर्मित पक्के मकानों में लाभुक परिवारों को विधिवत गृह प्रवेश कराया गया. वर्षों से पक्के मकान का सपना संजोए परिवारों के लिए यह अवसर खुशियों भरा रहा. नए घर में प्रवेश करते समय लाभुकों के चेहरे पर खुशी और उत्साह देखने को मिला. समारोह के दौरान पल्सबी गोप, मंगल सबर, छोटू महतो, लतिका महतो, लक्ष्मी महतो, सुनीता हेंब्रम और दुलारी टुडू समेत कुल 10 लाभुक परिवारों को नवनिर्मित आवास में गृह प्रवेश कराया गया. इसके अलावा दो महिलाओं की गोदभराई तथा दो बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी संपन्न कराया गया. जेएसएलपीएस के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाली स्वयं सहायता समूह की सदस्यों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया. वहीं विभिन्न सरकारी योजनाओं के अंतर्गत लाभुकों के बीच लाखों रुपये की परिसंपत्तियों का वितरण किया गया.

समारोह को संबोधित करते हुए विधायक समीर कुमार मोहंती ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर गृह प्रवेश समारोह का आयोजन एक सराहनीय पहल है. 15 नवंबर झारखंड के इतिहास में महत्वपूर्ण दिन है. राज्य सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार प्रयासरत है. गरीब परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराना इसी संकल्प का हिस्सा है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार महिलाओं, गरीबों और जरूरतमंदों के कल्याण के लिए कई योजनाएं संचालित कर रही है. मईयां सम्मान योजना, सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना और सर्वजन पेंशन योजना के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों को लाभ पहुंचाया जा रहा है. सरकार का उद्देश्य है कि कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति विकास योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे.

विधायक ने बहरागोड़ा विधानसभा क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों की चर्चा करते हुए कहा कि क्षेत्र में पर्यटन स्थलों का सौंदर्यीकरण, कॉलेज की स्थापना, सोलर योजना, पार्क निर्माण तथा जर्जर सड़कों का निर्माण उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है. क्षेत्र के लोगों को बेहतर शिक्षा, मनोरंजन और बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं.

इस मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी आरती मुंडा, जिला परिषद सदस्य धरित्री महतो, मुखिया आलोवती बारिक, मोहन सोरेन, साहेबराम मांडी, दासो हेंब्रम, पंचायत समिति सदस्य मनोरंजन महतो, गौतम दास, राम बारिक, विशाल बारिक, मिथुन कर समेत अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे.

You missed