
चाकुलिया: मानस चतु:शती स्वर्ण जयंती महोत्सव के पहले दिन शुरू हुई श्रीराम कथा, सीताराम शास्त्री ने सुनाई राम कथा की महिमा
संवाददाता: विश्वकर्मा सिंह
चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र के पुराना बाजार स्थित मानस नगर (स्टील फैक्ट्री परिसर) में सोमवार को मानस चतु:शती स्वर्ण जयंती महोत्सव के अवसर पर सात दिवसीय श्रीराम कथा का शुभारंभ हुआ. कथा के प्रथम दिन कथावाचक सीताराम शास्त्री महाराज ने श्रद्धालुओं को राम कथा की महिमा का रसपान कराया.

उन्होंने भगवान श्रीराम के जीवन, आदर्शों, मर्यादा और भक्ति की महिमा का वर्णन करते हुए भक्तों को धर्म एवं सदाचार के मार्ग पर चलने का संदेश दिया. कथा के दौरान उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम को प्राप्त करने के लिए मन और चरित्र का निर्मल होना आवश्यक है. रामचरितमानस का वास्तविक अर्थ हमारे चरित्र में श्रीराम के आदर्शों को उतारना है. हमारा चरित्र ही श्रीराम के आदर्शों का प्रतिबिंब होना चाहिए.
सीताराम शास्त्री महाराज ने कहा कि राम हमारे जीवन का लक्ष्य और आनंद हैं. मनुष्य के जीवन का लक्ष्य केवल धन अर्जित करना नहीं, बल्कि सुख और शांति प्राप्त करना होना चाहिए. धन जीवन का साधन हो सकता है, लेकिन वास्तविक लक्ष्य आत्मिक सुख है. इसी आनंद और परम सुख का नाम राम है.

उन्होंने कथा के माध्यम से धर्म, मर्यादा, भक्ति और मन की शांति का महत्व समझाते हुए कहा कि जब मनुष्य अपने जीवन में श्रीराम के आदर्शों को अपनाता है, तभी उसका जीवन सार्थक बनता है. कथा के दौरान श्रद्धालु भक्तिभाव से श्रीराम कथा का श्रवण करते रहे.
