Advertisements
Spread the love

अनगड़ा में शुरू हुई 20वीं चैंपियंस ट्रॉफी

Advertisements

जोश, उत्साह और ग्रामीण प्रतिभा का संगम — 2 से 10 नवंबर तक लुपुंग स्टेडियम में चलेगा मुकाबला

Arjun Kumar Pramanik……..✍️

अनगड़ा (राँची)। खेल भावना और जोश से सराबोर माहौल में रविवार को अनगड़ा के लुपुंग स्थित स्टेडियम में “20वीं चैंपियंस ट्रॉफी फुटबॉल टूर्नामेंट 2025” का भव्य शुभारंभ हुआ। यह टूर्नामेंट राजेन्द्र यूनाइटेड गेतलसूद के तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना और खेल को गांव-गांव तक पहुंचाना है। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कांके प्रखंड प्रमुख सह कांग्रेस पार्टी ग्रामीण जिला अध्यक्ष  सोमनाथ मुंडा ने फुटबॉल को किक मारकर किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा  “खेल केवल जीत या हार का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, एकता और आत्मविश्वास का प्रतीक है। ग्रामीण युवाओं में अपार प्रतिभा है, जरूरत है उन्हें सही दिशा और अवसर देने की।”
उन्होंने युवाओं से नशे और नकारात्मक प्रवृत्तियों से दूर रहकर खेल को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता राजेन्द्र शाही मुंडा ने की। उन्होंने कहा “हमारा उद्देश्य केवल प्रतियोगिता कराना नहीं, बल्कि ग्रामीण युवाओं में खेल भावना का विकास करना है। हर वर्ष चैंपियंस ट्रॉफी के आयोजन का मकसद यही है कि गांव-गांव से नई प्रतिभाएं उभरें और राज्य व देश का नाम रोशन करें।” इस अवसर पर सीएमडी सागर शाहू, सीईओ जैलेन्द्र कुमार, सचिव अनिल कुमार चौधरी, कार्यकारी प्रभारी संजीत महतो, कार्यकारी अध्यक्ष पारसनाथ भोक्ता, संरक्षक जीप सदस्य अनुराधा मुंडा, रामकुमार पाहान एवं डॉ. प्रदीप वर्मा सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। टूर्नामेंट के मुख्य संरक्षक के.के. सोन (IAS) हैं। हालांकि वे उद्घाटन समारोह में उपस्थित नहीं हो सके, परंतु उन्होंने आयोजन की सफलता के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
मुख्य अतिथि  सोमनाथ मुंडा का राजेन्द्र शाही मुंडा ने मोमेंटो और अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया। खेल समिति द्वारा ढोल-नगाड़ों की थाप पर मुख्य अतिथि का भव्य स्वागत कर मंच तक लाया गया। वहीं अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनका उत्साहवर्धन किया। उद्घाटन दिवस पर हजारों की संख्या में दर्शक न केवल अनगड़ा प्रखंड बल्कि आसपास के इलाकों से भी मैदान में उमड़े। पहले मुकाबले में गाड़ी होटवार की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की, जबकि दूसरे मुकाबले में रातू की टीम ने दमदार खेल दिखाकर विजय हासिल की। मैदान में जोश, तालियों की गूंज और स्थानीय समर्थन का माहौल देखते ही बन रहा था। यह आयोजन एक बार फिर साबित करता है कि खेल सिर्फ मैदान तक सीमित नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने और युवाओं को नई ऊर्जा देने का सशक्त माध्यम है। मैच 2 नवंबर से 10 नवंबर 2025 तक खेले जाएंगे।

You missed