
जेआईएस फाउंडेशन चांडिल पॉलीटेक्निक में कौशल प्रशिक्षण केंद्र में सफल प्लेसमेंट ड्राइव, 32 अभ्यर्थियों का हुआ चयन

संवाददाता : कल्याण पात्रो
चांडिल: झारखंड कौशल विकास मिशन सोसाइटी के तत्वाधान में मुख्यमंत्री सारथी योजना के अंतर्गत दीन दयाल उपाध्याय कौशल केंद्र, जेआईएस फाउंडेशन चांडिल पॉलीटेक्निक में एक प्लेसमेंट ड्राइव का सफल आयोजन किया गया। इस अवसर पर जमशेदपुर और रांची से आई प्रतिष्ठित कंपनियों के प्रतिनिधियों, रिशव कुमार और सुब्रतो कर्माकर ने प्रशिक्षणार्थियों को कंपनी की नीतियों, रहने-खाने की व्यवस्था और वेतन संबंधी विस्तृत जानकारी दी।
संस्था के सेंटर हेड रवि विश्वकर्मा ने विभिन्न कंपनियों से आए हुए एचआर रिक्रूटरों का सम्मान किया। उन्होंने प्लेसमेंट ड्राइव के महत्व पर प्रकाश डालते हुए प्रशिक्षणार्थियों को बताया कि मुख्यमंत्री सारथी योजना के तहत उन्हें यह अनूठी सुविधा मिल रही है कि वे बिना कहीं और जाए सीधे कंपनियों से बातचीत कर सकते हैं, उनकी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं और यहीं इंटरव्यू दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि अब यह कहना गलत होगा कि नौकरी पाना मुश्किल है, बल्कि इस योजना के माध्यम से नौकरी प्राप्त करना बहुत ही आसान हो गया है क्योंकि कंपनियां स्वयं उनके पास आ रही हैं। इस प्लेसमेंट ड्राइव में 58 से अधिक अभ्यर्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिसमें से 32 उम्मीदवारों का विभिन्न कंपनियों में चयन हुआ। कार्यक्रम को सफल बनाने में केंद्र प्रबंधक रवि विश्वकर्मा, प्लेसमेंट मैनेजर ज्योति कुमार सिंह, सनातन सिंह, संकिता कर, संतोष सिंह, मधुमिता, नेहा, उमा शंकर, संदीप, पूनम, मीना और कॉलेज के अन्य शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

