
तेज रफ्तार सब्जी लदा वाहन घर में घुसा, बाल-बाल बचे लोग
पालीडीह में सड़क हादसे से मचा हड़कंप, मुआवजे की मांग

संवाददाता : अभिजीत सेन
जमशेदपुर/पोटका । पूर्वी सिंहभूम जिले के कोवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत पालीडीह गांव के सामने एनएच-220 पर मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। ओडिशा से सब्जी लादकर जमशेदपुर की ओर आ रही एक तेज रफ्तार पिकअप वैन अनियंत्रित होकर शिक्षक धानु माझी के घर में जा घुसी। हादसे में घर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि घर के सभी सदस्य सुरक्षित हैं।
घटना के संबंध में धानु माझी ने बताया कि सुबह करीब 7:00 बजे पिकअप वैन तेज गति से चल रही थी। पालीडीह के पास संकीर्ण रास्ता होने के बावजूद वाहन चालक ने गति कम नहीं की, और पास देने के क्रम में नियंत्रण खो बैठा, जिससे वाहन सीधे उनके घर में जा घुसा।
धानु माझी ने बताया कि हादसे में घर की दीवारें और संरचना बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई हैं। उन्होंने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है। घटना की सूचना मिलते ही कोवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है।

