
देवघर की स्टेज कलाकार युवती को हंसडीहा लाकर गैंगरेप; तीन नामजद आरोपित गिरफ्तार

दुमका से संवाददाता मौसम गुप्ता का रिपोर्ट
दुमका । दुर्गा पूजा जैसे पवित्र पर्व पर जब पूरा देश मां दुर्गा की आराधना में लीन था, उसी दौरान दुमका जिले के हंसडीहा थाना क्षेत्र में एक शर्मनाक सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया। मामला 28 सितंबर की शाम का है, जब देवघर की एक महिला स्टेज सिंगर को डांडिया नाइट कार्यक्रम के बहाने हंसडीहा बुलाकर तीन युवकों ने उसके साथ गैंगरेप किया।
पीड़िता ने हंसडीहा थाना में दिए अपने लिखित आवेदन में बताया कि उसे 28 सितंबर को शाम करीब 6 बजे मोबाइल नंबर 7004539411 से एक कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को शौरभ बताते हुए कहा कि “आज हंसडीहा में एक प्रोग्राम है, आप आ जाइए, पहले भी आपने मेरे कहने पर शो किया है।” युवती ने बताया कि इसके कुछ देर बाद शौरभ कुमार, राजन राज और पारस राज यादव एक अर्टिका कार से उसे देवघर से हंसडीहा ले गए।
युवती के अनुसार, जब उसने कार्यक्रम स्थल और अन्य कलाकारों के बारे में पूछा तो शौरभ उसे “बाकी कलाकारों से मिलाने” के बहाने एक घर के अंदर ले गया। वहां तीनों ने मिलकर उसका मुंह कपड़े से बांध दिया, हाथ-पैर बांध दिए और बारी-बारी से बलात्कार किया। पीड़िता ने बताया कि जब उसकी हालत खराब हो गई, तो अगले दिन दोपहर 3 बजे उसे घर से बाहर निकाला गया। आरोपितों ने उसका मोबाइल और पैसे छीन लिए और हंसडीहा चौक पर छोड़कर फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही हंसडीहा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों नामजद आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि शुक्रवार को पीड़िता का मेडिकल जांच कराया गया है, जबकि शनिवार को तीनों आरोपितों को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
यह घटना न केवल समाज को झकझोर देने वाली है बल्कि सवाल खड़े करती है कि पर्व-त्योहारों की आड़ में अपराधी मानसिकता किस तरह इंसानियत को शर्मसार कर रही है।

