
रैयती भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई, पक्का निर्माण ध्वस्त

Arjun Kumar…✍️
अनगड़ा (रांची)। न्यायालय, उप समाहर्ता भूमि सुधार सदर, रांची द्वारा पारित आदेश एवं दखल-दिहानी की प्रक्रिया के तहत मंगलवार को अनगड़ा प्रखंड के हेसल (खेराटोली) स्थित रैयती भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। प्रशासनिक अधिकारियों एवं पुलिस बल की मौजूदगी में भूमि पर बने पक्के निर्माण को हटाया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, एस.ए.आर. (भू-वापसी) वाद संख्या 07/2024-25 में वादी राजेश उरांव द्वारा यह दावा किया गया था कि उनकी रैयती भूमि, थाना संख्या-19, खाता संख्या-151, प्लॉट संख्या-3573, रकबा 20 डिसमिल पर अवैध कब्जा कर लिया गया है। मामले की सुनवाई के दौरान न्यायालय ने संबंधित पक्षों को नोटिस जारी किया था। जांच एवं अभिलेखों के अवलोकन के बाद न्यायालय ने भूमि को आदिवासी रैयत की भूमि मानते हुए अतिक्रमण हटाकर वादी को दखल-दिहानी देने का आदेश पारित किया था।
<span;>इसी आदेश के आलोक में अंचल प्रशासन द्वारा दखल-दिहानी की कार्रवाई शुरू की गई। मौके पर मौजूद अंचल निरीक्षक सुखदेव कच्छप ने बताया कि न्यायालय द्वारा दखल-दिहानी का आदेश दिया गया था। संबंधित भूमि पर अतिक्रमण कर पक्का मकान बनाया गया था, जिसे हटाने की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि निर्माण काफी बड़ा होने के कारण एक ही दिन में पूरी कार्रवाई संभव नहीं हो सकी है। शेष संरचना को दूसरे दिन हटाकर न्यायालय के आदेश का पूर्ण अनुपालन किया जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भूमि पर अतिक्रमण पाए जाने के कारण इस मामले में किसी प्रकार के मुआवजे का प्रावधान नहीं है। वहीं, उक्त मकान में रह रही सीमा कुमारी ने बताया कि उन्हें प्रशासन की ओर से तीन बार नोटिस प्राप्त हुआ था। उन्होंने कहा कि पारिवारिक एवं घरेलू कारणों से वे समय पर मकान खाली नहीं कर पाए। इस संबंध में उन्होंने अंचल अधिकारी से कुछ अतिरिक्त समय देने का अनुरोध भी किया था, लेकिन समय नहीं मिल सका। सीमा कुमारी के अनुसार मकान का निर्माण कार्य अभी पूरा नहीं हुआ था और छत की ढलाई भी नहीं हुई थी। अचानक हुई कार्रवाई से उनके परिवार के समक्ष रहने की समस्या उत्पन्न हो गई है। प्रशासन ने बताया कि न्यायालय के आदेश के अनुपालन में विधि-व्यवस्था बनाए रखते हुए कार्रवाई की जा रही है तथा शेष अतिक्रमण को भी हटाया जाएगा। कार्रवाई के दौरान अनगड़ा थाना प्रभारी गौतम कुमार रजवार, टाटीसिलवे थाना प्रभारी हंसे उरांव, अंचल प्रशासन के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद थे। मौके पर स्थानीय ग्रामीणों की भी भीड़ जुटी रही। प्रशासन ने कहा कि न्यायालय के आदेश का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाएगा।

